स्नातक नामांकन के लिए जारी होगी तीसरी मेधा सूची, छात्रों को मिलेगा ऑनस्पॉट एडमिशन का मौका

भागलपुर विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन.
TMBU Admission 2026: दूसरी मेरिट लिस्ट से नामांकन का अंतिम दिन मंगलवार, अब तीसरी मेधा सूची और स्पॉट एडमिशन से किसी छात्र का साल नहीं होगा बर्बाद.
भागलपुर से आरफीन जुबैर की रिपोर्ट
TMBU Admission 2026: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 के सेमेस्टर वन में नामांकन से वंचित रह गए छात्रों के लिए राहत भरी खबर है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने दूसरी मेधा सूची के बाद तीसरी मेधा सूची जारी करने का फैसला लिया है. इसके बाद भी रिक्त सीटों पर ऑनस्पॉट एडमिशन का अवसर दिया जाएगा, ताकि कोई भी छात्र नामांकन से वंचित न रह जाए.
दूसरी मेधा सूची से नामांकन का अंतिम दिन मंगलवार
वर्तमान में टीएमबीयू के विभिन्न कॉलेजों में दूसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया चल रही है. इस सूची के तहत नामांकन का अंतिम दिन मंगलवार निर्धारित किया गया है. विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार अब तक 18 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न कॉलेजों में नामांकन करा चुके हैं.
लोकभवन के निर्देश पर जारी होगी तीसरी मेधा सूची
राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह की अध्यक्षता में 27 जून को आयोजित ऑनलाइन बैठक में सभी विश्वविद्यालयों के लिए एक समान नामांकन प्रक्रिया लागू करने का निर्णय लिया गया. इसी के तहत दूसरी मेधा सूची के बाद तीसरी मेधा सूची जारी करने का निर्देश दिया गया है.
आरक्षण नियमों के अनुसार होगी सीटों की अदला-बदली
निर्णय के अनुसार पहली मेरिट सूची में बिहार आरक्षण अधिनियम 2003 के प्रावधानों के तहत सभी आरक्षित वर्गों को शामिल किया जाएगा. दूसरी मेरिट सूची में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के बीच रिक्त सीटों का आदान-प्रदान किया जाएगा.
टीएमबीयू और मुंगेर विश्वविद्यालय में लागू होगी अलग व्यवस्था
बैठक में यह भी सामने आया कि टीएमबीयू और मुंगेर विश्वविद्यालय में पहली मेरिट सूची की आरक्षण श्रेणियों को ही दूसरी सूची में दोहराया गया है. ऐसे में इन विश्वविद्यालयों में तीसरी सूची के बजाय चौथी मेरिट सूची से एक्सचेंज नीति लागू की जाएगी.
फिर खुलेगा समर्थ पोर्टल, नए छात्रों को मिलेगा मौका
विश्वविद्यालयों में तीसरी मेरिट सूची जारी करने से पहले समर्थ पोर्टल को चार दिनों के लिए दोबारा खोला जाएगा. इससे नए अभ्यर्थियों को पंजीकरण कराने और पूर्व में आवेदन शुल्क जमा नहीं कर पाने वाले छात्रों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा. इसके अलावा छात्रों को कॉलेज और पाठ्यक्रम की प्राथमिकता बदलने की सुविधा भी दी जाएगी.
स्पॉट एडमिशन से भरेंगी बची हुई सीटें
सभी निर्धारित मेरिट सूचियों के प्रकाशन के बाद रिक्त सीटों पर स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. दस्तावेज सत्यापन और निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद छात्रों का नामांकन लिया जाएगा.
नामांकन कमेटी की बैठक में होगा अंतिम निर्णय
विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार लोकभवन के निर्देशों के अनुपालन को लेकर मंगलवार को नामांकन कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी. बैठक में नई नामांकन प्रक्रिया और तीसरी मेधा सूची को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










