एक माह में दूसरी बार खराब हुआ तिलकामांझी चौक का सिग्नल

भागलपुर शहर के व्यस्ततम तिलकामांझी चौक का ट्रैफिक सिग्नल एक बार फिर खराब हो गया है.
भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट : भागलपुर शहर के व्यस्ततम तिलकामांझी चौक का ट्रैफिक सिग्नल एक बार फिर खराब हो गया है. शनिवार से ही सिग्नल बंद रहने के कारण चौराहे पर यातायात व्यवस्था चरमरायी रही. चारों दिशाओं से एक साथ वाहनों की आवाजाही होने से कई बार जाम की स्थिति बनी और वाहन चालकों के बीच मामूली टक्कर भी हुई. इसके बाद कई जगहों पर नोंकझोंक की स्थिति उत्पन्न हो गयी. मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया.
17 मई को ही दुरुस्त हुआ था सिग्नल
जानकारी के अनुसार, तिलकामांझी चौक का सिग्नल करीब तीन माह तक खराब रहने के बाद 17 मई को ठीक कराया गया था. लेकिन ठीक होने के कुछ ही दिनों बाद शनिवार को फिर से सिग्नल बंद हो गया. इससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. ट्रैफिक पुलिस को भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.लोगों ने कहा – बार-बार खराब हो रहा सिग्नल
तिलकामांझी निवासी राहुल कुमार ने बताया कि चौक पर हर दिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है. ऐसे में सिग्नल खराब रहने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है. वहीं बरारी निवासी मो. शादाब ने कहा कि सिग्नल नहीं रहने के कारण वाहन चालक अपनी मनमानी करते हैं, जिससे आम लोगों को सड़क पार करने में परेशानी होती है. आदमपुर निवासी पूजा कुमारी ने बताया कि शनिवार को पैदल चौक पार करने में काफी समय लग गया. कई बार छोटे वाहन अचानक सामने आ जा रहे थे, जिससे डर बना हुआ था. स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते दो माह में करीब पांच बार सिग्नल खराब हो चुका है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है.
जल्द ठीक किया जायेगा सिग्नल : ट्रैफिक डीएसपी
ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी आने के कारण सिग्नल बंद हो गया है. संबंधित एजेंसी को सूचना दे दी गई है और जल्द ही सिग्नल को दुरुस्त कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव झा
संजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










