Kahalgaon News: आरोप लगाने वाली छात्राओं को प्रैक्टिकल से रोका गया, बढ़ा विवाद

Updated:
विज्ञापन
Kahalgaon News: आरोप लगाने वाली छात्राओं को प्रैक्टिकल से रोका गया, बढ़ा विवाद

कहलगांव एएनएम स्कूल में प्रताड़ना के आरोपों के बीच छात्राओं ने दावा किया है कि आवाज उठाने पर प्रैक्टिकल से बाहर कर दिया गया.

विज्ञापन

कहलगांव, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :

कहलगांव स्थित एएनएम स्कूल में प्राचार्य और वार्डन पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद विवाद और गहरा गया है. छात्राओं द्वारा मानसिक प्रताड़ना और दुर्व्यवहार के आरोप सामने आने के अगले ही दिन गुरुवार को कई छात्राओं को अनुमंडल अस्पताल, कहलगांव में होने वाले प्रैक्टिकल प्रशिक्षण में शामिल नहीं होने दिया गया. इस घटना के बाद छात्राओं में डर, नाराजगी और असुरक्षा का माहौल बन गया है. छात्राओं का आरोप है कि स्कूल प्रशासन उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रहा है. उनका कहना है कि जिन्होंने शिकायत की या सवाल उठाए, उन्हें ही अब निशाना बनाया जा रहा है. छात्राओं के मुताबिक अस्पताल में होने वाला प्रैक्टिकल प्रशिक्षण उनके कोर्स का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे वंचित किए जाने पर उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है.

“आवाज उठाने की सजा मिल रही”

छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्राचार्य और वार्डन के खिलाफ शिकायत के बाद प्रशासन का रवैया और सख्त हो गया है. उनका कहना है कि उन्हें मानसिक दबाव में रखा जा रहा है ताकि वे आगे कोई शिकायत न करें. नाम नहीं छापने की शर्त पर स्कूल के एक कर्मचारी ने भी छात्राओं के आरोपों को गंभीर बताया. कर्मचारी के अनुसार, छोटी-छोटी बातों पर छात्राओं को डांटा-फटकारा जाता है और विरोध करने पर कार्रवाई की धमकी दी जाती है. उन्होंने कहा कि कई छात्राएं डर के कारण खुलकर कुछ बोल नहीं पातीं.

प्रैक्टिकल रुकने से भविष्य की चिंता

एएनएम कोर्स में अस्पताल प्रशिक्षण को अनिवार्य माना जाता है. ऐसे में छात्राओं को प्रैक्टिकल से रोके जाने की खबर ने अन्य छात्राओं को भी चिंतित कर दिया है. छात्राओं का कहना है कि यदि इसी तरह उन्हें प्रशिक्षण से वंचित किया गया तो उनकी पढ़ाई और परीक्षा दोनों प्रभावित हो सकती हैं. इस पूरे मामले को लेकर छात्राओं और अभिभावकों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है. स्थानीय स्तर पर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है.

अस्पताल प्रशासन ने क्या कहा

वहीं इस मामले पर अनुमंडल अस्पताल, कहलगांव के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ पवन कुमार गुप्ता ने कहा कि गुरुवार को छात्राएं अस्पताल नहीं आई थीं. उन्होंने कहा कि पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद ही इस मामले में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा. फिलहाल मामले को लेकर स्कूल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन