ePaper

bhagalpur news. 10 दिनों तक होली की मस्ती डूबेगा शहर, होंगे विविध आयोजन

Updated at : 23 Feb 2026 10:34 PM (IST)
विज्ञापन
bhagalpur news. 10 दिनों तक होली की मस्ती डूबेगा शहर, होंगे विविध आयोजन

वसंत और फागुन के मिलन की बेला में इस बार भागलपुर 10 दिनों तक सराबोर रहेगा.

विज्ञापन

वसंत और फागुन के मिलन की बेला में इस बार भागलपुर 10 दिनों तक सराबोर रहेगा. 26 फरवरी से आठ मार्च तक लगातार जिले के विभिन्न स्थानों पर विविध आयोजन होंगे. इसमें कहीं फूल की होली खेली जायेगी, तो कहीं उत्सव मनाया जायेगा. कहीं साहित्य गोष्ठी, तो कहीं लजीज व्यंजन व गीत-संगीत का दरबार सजेगा. इतना ही नहीं शहर के अलग-अलग स्थानों पर होली को लेकर आयोजन शुरू हो गये हैं. 26 को तीन दिवसीय श्याम वसंत महोत्सव शुरू प्राचीन खाटू श्याम मंदिर चुनिहारी टोला में श्याम वसंत महोत्सव 26 से 28 फरवरी तक धूमधाम से होगा. श्याम भक्त विनोद शर्मा ने बताया कि 26 फरवरी को सुबह आठ बजे राणी सती मंदिर, चुनिहारी टोला से विशाल शोभायात्रा निकाली जायेगी, जो पूरे नगर में भ्रमण करेगी. इसमें विभिन्न प्रकार की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेगी. 27 फरवरी को शाम साढ़े सात बजे अखंड ज्योत प्रज्वलित होगी. इस दिन भजन कार्यक्रम का शुभारंभ होगा. भजन का कार्यक्रम लगातार 28 फरवरी तक तक चलेगा. शोभायात्रा में कोलकाता के कलाकार नृत्य नाटिका व आखिरी दिन भजन संध्या में कोलकाता व स्थानीय कलाकार भजन गायेंगे. इस क्रम में फूलों की होली खेली जायेगी. 27 को शुरू होगा फाल्गुनोत्सव श्री श्याम भक्त मंडल की ओर से 27 व 28 फरवरी को मंदरोजा स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर भवन में फाल्गुनोत्सव होगा. 27 फरवरी को प्रात: आठ बजे गोशाला से इंद्रधनुषीय निशान शोभायात्रा निकाली जायेगी. कार्यक्रम संयोजक किशन गोयनका ने बताया कि शोभायात्रा में हाथी-घोड़े, बाबा का रथ, मनमोहक झांकी, फूल की बारिश, रंगों की होली व भजन का आयोजन होगा. 27 फरवरी को शाम सात बजे भजन कार्यक्रम शुरू होगा, जो 28 फरवरी की रात्रि नौ बजे तक लगातार चलेगा. दोपहर एक बजे सवामणी भंडारा होगा. भजन संध्या में देश के नामचीन भजन गायक भजन गायेंगे. जगह-जगह फूल की होली व सेवा शिविर केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ की ओर से 26 को होने वाले श्याम वसंत उत्सव पर सुलतानगंज व अन्य स्थानों से आने वाले निशान पद यात्री की सेवा में जगह-जगह सेवा शिविर लगाया जायेगा. एंबुलेंस से मोबाइल सेवा की जायेगी, जिसमें चिकित्सा की सारी सुविधा होगी. अध्यक्ष विष्णु खेतान ने बताया कि इस बार गोड्डा के श्रद्धालु नहीं आयेंगे. सुलतानगंज से आने वाले श्रद्धालु के लिए नाथनगर में सेवा शिविर में फल, शरबत व पेयजल की व्यवस्था होगी. भजन-कीर्तन होगा. जगह-जगह फूल की होली खेली जायेगी. शोभायात्रा मार्ग में देवी बाबू धर्मशाला के बाहर आरती भी होगी. नाथनगर, नवगछिया, नारायणपुर से 27 फरवरी को श्याम भक्त भागलपुर पहुंचेंगे. 27 फरवरी को नाथनगर वाले की सेवा नोपानी छात्रावास में की जायेगी. नारायणपुर और नवगछिया वाले की सेवा भागलपुर के जीरो माइल स्थित चाणक्य विहार में की जायेगी. 27 फरवरी को देवी बाबू धर्मशाला में उद्घाटन सत्र भजन का कार्यक्रम एवं विविध विधा के 11 उत्कृष्ट लोगों को सम्मानित किया जायेगा. ————— फाग मिलन में गूंजेंगे पारंपरिक गीत साहित्य सफर की ओर फाग मिलन समारोह होगा, जिसमें साहित्यकारों का जुटान होगा. इस दौरान पारंपरिक होली गीत गाये जायेंगे. उक्त जानकारी संस्थापक जगतराम साह कर्णपुरी ने दी. होली पर्व के पहले और बाद में जिले के अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न संस्थाओं की ओर से होली मिलन समारोह व सांस्कृतिक समारोह होगा. तीन व चार मार्च को होली का हुड़दंग तीन व चार मार्च को होली का हुडदंग सभी स्थानों पर होगा. अलग-अलग समाज के लोग अलग-अलग तरीके से होली का आनंद लेंगे. सभी के घरों में पकवान बनेंगे और सभी एक-दूसरे से मिल कर खुशियां बांटेंगे. ———— एक को सजेगी कवियों की महफिल मारवाड़ी युवा मंच की ओर से एक मार्च रविवार को होली की पूर्व संध्या पर मित्र वसंत गोष्ठी सह अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा. इस बार अलवर से वीर रस के कवि डॉ विनीत चौहान, जयपुर से हास्य-व्यंग्य रस के कवि डॉ संजय झाला, दिल्ली से महेंद्र अजनबी, शाजापुर के दिनेश देशी घी, फरीदाबाद के यशदीप कौशिक यश, उज्जैन के महेंद्र मधुर व लखनऊ की शृंगार रस की कवयित्री शशि श्रेया अपनी महफिल सजायेंगे और अपनी-अपनी विधा की कविता का पाठ करेंगे.

विज्ञापन
NISHI RANJAN THAKUR

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन