सन्हौला में तूफान का तांडव, भारी तबाही से जनजीवन अस्त-व्यस्त

सन्हौला प्रखंड क्षेत्र में बीती रात आये जोरदार आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचायी है.
सन्हौला से अम्बिका शर्मा की रिपोर्ट : सन्हौला प्रखंड क्षेत्र में बीती रात आये जोरदार आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचायी है. इस प्राकृतिक आपदा से क्षेत्र का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. कई इलाकों में विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गये हैं, तो वहीं बिजली के पोल और तार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये हैं. इसके कारण पूरे प्रखंड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गयी है.
गांवों से लेकर प्रखंड मुख्यालय तक नुकसान ही नुकसान
आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नुकसान हुई है. चाकसूलेमान-ननोखर गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के तारों पर एक विशाल पेड़ टूटकर गिर गया है, जिससे तार टूट गये हैं. बखड्डा गांव में तेज हवाओं के झोंकों के कारण बिजली का ट्रांसफार्मर ही जमीन पर आ गिरा. सन्हौला प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्थित अधिकारियों के आवासीय परिसरों पर भी पेड़ टूटकर गिर गये हैं, जिससे अधिकारियों और कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.पेयजल संकट गहराया, सरकारी काम और उद्योग धंधे ठप
बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित होने के कारण पूरे क्षेत्र में हाहाकार मचा हुआ है. सबसे बड़ी समस्या पेयजल (पीने के पानी) की खड़ी हो गयी है. मोटर और वाटर सप्लाई बंद होने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं. इसके अलावा, बिजली से संचालित होने वाले तमाम छोटे-बड़े उद्योग धंधे और व्यवसाय ठप पड़ गये हैं. बिजली नहीं रहने से प्रखंड मुख्यालय के सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज पर बुरा असर पड़ा है.
दुरुस्त करने में जुटी बिजली विभाग की टीम
इस पूरे संकट और तबाही को लेकर बिजली विभाग के कनीय अभियंता आलोक कुमार ने बताया कि आंधी-तूफान से बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है. बिजली कर्मी सुबह से ही युद्ध स्तर पर प्रभावित इलाकों में व्यवस्था को दुरुस्त करने और मलबे को हटाने के काम में लगे हुए हैं. जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव झा
संजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










