बहन देख रही थी मोबाइल, भाई को आया गुस्सा, गला घोंट कर मार डाला

बिहार के भागलपुर जिले के जगदीशपुर में सगे भाई ने ही गला घोंट कर अपनी 24 वर्षीया बहन की हत्या कर दी. घटना के संबंध में आरोपित भाई ने बिहार पुलिस को बताया कि उसकी बहन मोबाइल देख रही थी. इसके बाद उसे गुस्सा आ गया और उसने बहन की गला दबा कर हत्या कर दी.
जगदीशपुर : भागलपुर जिले के जगदीशपुर में सनसनीखेज मामला सामना आया है. सगे भाई ने ही गला घोंट कर अपनी 24 वर्षीया बहन को मौत के घाट उतार दिया. घटना बुधवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे की बतायी जा रही है. घटना के समय घर में सिर्फ बहन नीतू कुमारी और उसका भाई ही था. नीतू की मां मायके गयी हुई थी और पिता रतन लाल झा, जो कचहरी परिसर में टाईपिस्ट का काम करते हैं, वे भी भागलपुर कचहरी गये हुए थे. घटना के संबंध में आरोपित भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन मोबाइल देख रही थी. इसके बाद भाई को गुस्सा आ गया और उसने बहन की गला दबा कर हत्या कर दी.
आरोपित भाई सूरज कुमार झा ने ही अपनी बहन को मारने के बाद खुद 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को घटना की सूचना दी. उन्होंने फोन पर साफ शब्दों में कहा कि मेरे हाथों मेरी बहन की हत्या हो गयी है. इसके बाद पुलिस घटना की सूचना मिलने पर आरोपित युवक के घर पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
सूचना मिलने के बाद युवती के पिता और उसकी मां घर पहुंची. युवती की बड़ी बहन की शादी हो चुकी है. बहन की हत्या का आरोपित भाई छोटा है. परिजनों के मुताबिक, युवती इंटर तक पढ़ी है. उसके बाद पढ़ाई छोड़ दी है. युवती के परिजनों ने बताया कि युवती को मारनेवाले भाई की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. वह किसी से ज्यादा बात भी नहीं करता है. इससे पहले भी वह कई बार अपने गुस्से पर नियंत्रण खो चुका है. परिजनों ने युवक के चल रहे इलाज के बारे में भी जानकारी दी. इधर, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. साथ ही युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




