श्रावणी मेला में सुल्तानगंज स्टेशन पर 120 आरपीएफ व 150 जीआरपी बल की होगी तैनाती

Updated:
विज्ञापन
श्रावणी मेला में सुल्तानगंज स्टेशन पर 120 आरपीएफ व 150 जीआरपी बल की होगी तैनाती

श्रावणी मेला 2026 को लेकर सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर 120 आरपीएफ और 150 जीआरपी जवान तैनात किए जाएंगे. सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होगा, जबकि कांवरिया मार्ग और गंगा घाटों की सफाई भी तेज कर दी गई है.

विज्ञापन

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट:

Shravani Mela SultanGanj Security: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. मेला के दौरान सुल्तानगंज स्टेशन पर आने वाले लाखों कांवरियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. स्टेशन परिसर से लेकर प्लेटफॉर्म तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है.

सुल्तानगंज स्टेशन पर 270 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती

आरपीएफ के मंडल सुरक्षा आयुक्त (डीएससी) ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर 120 आरपीएफ और 150 जीआरपी जवानों की विशेष रूप से तैनाती की जाएगी. यह संयुक्त टीम पूरे मेला अवधि तक स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी.

सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का होगा ठहराव

श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस को छोड़कर सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होगा. हर वर्ष देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेन के माध्यम से सुल्तानगंज पहुंचते हैं और यहां गंगाजल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना होते हैं. इसी को देखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है.

कांवरिया मार्ग और गंगा घाटों की हो रही सफाई

श्रावणी मेला को लेकर भागलपुर नगर निगम ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं. तिलकामांझी-बरारी मार्ग से विक्रमशिला सेतु पुल घाट तक जाने वाले रास्ते के किनारे उगे झाड़-झंखाड़ और जंगलों की सफाई कराई जा रही है.

यह मार्ग उन प्रमुख रास्तों में शामिल है, जहां से बड़ी संख्या में कांवरिये गंगा घाट पहुंचकर जल भरते हैं और बासुकीनाथ तथा बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए प्रस्थान करते हैं. पुल घाट के अलावा अन्य प्रमुख घाटों की भी साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं.

श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान

प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

और पढ़ें: श्रावणी मेला : कांवरियों को मिलेगी 24 घंटे बिजली, लगेंगे पांच नए ट्रांसफाॅर्मर, बढ़ेगा पावर लोड

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन