bhagalpur news. सैंडिस कंपाउंड का टेंडर फिर रद्द, तीसरी बार निविदा जारी

Updated at : 11 May 2025 12:53 AM (IST)
विज्ञापन
bhagalpur news. सैंडिस कंपाउंड का टेंडर फिर रद्द, तीसरी बार निविदा जारी

सैंडिस कंपाउंड का टेंडर फिर रद्द हो गया. तीसरी बार निविदा जारी की गयी है. बताया जा रहा है कि राजस्व का स्रोत नजर नहीं आने की वजह से एजेंसी ठेका लेने में रुचि नहीं ले रही है.

विज्ञापन

भागलपुर

सैंडिस कंपाउंड का टेंडर फिर रद्द हो गया. तीसरी बार निविदा जारी की गयी है. बताया जा रहा है कि राजस्व का स्रोत नजर नहीं आने की वजह से एजेंसी ठेका लेने में रुचि नहीं ले रही है. एजेंसियों ने कैफेटेरिया में सभी प्रकार के इवेंट यानी, शादी-विवाह, जनेऊ व विभिन्न पार्टियां की अनुमति मांगने के साथ ही फ्री इंट्री की टाइमिंग को बढ़ाने की बात कही थी. जिस पर एजेंसियों को समुचित जवाब नहीं मिला. कहा जा रहा है कि इसी वजह से दूसरी बार का टेंडर फाइनल होकर भी चयनित एजेंसी के साथ एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी. नतीजतन, इस बार का भी टेंडर रद्द करना पड़ गया. जबकि, दो ठेका एजेंसी पटना की सर्जिकल सिक्यूरिटी एंड कंसल्टेंसी और लखनऊ की जुपिटर शक्ति कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ने टेंडर भरा था. दोनों ही एजेंसी टेक्निकल बिड में सफल हुए थे. फाइनेंसियल बिड जुपिटर शक्ति कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के नाम से खुला था. इस एजेंसी को एक साल का ठेका के एवज में उन्हें 70 लाख रुपये भरने की बात हुई थी. सिर्फ एग्रीमेंट होना बाकी रह गया था. यह भी उल्लेखनीय है कि पहली बार के टेंडर में भी किसी भी ठेका एजेंसी ने रूचि नहीं ली थी, जिससे रद्द कर दिया गया था.

नियम-शर्त में कोई बदलाव नहीं

स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से तीसरी बार जारी टेंडर में नियम-शर्त में कोई बदलाव नहीं किया गया है. पूर्व की तरह ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस की अवधि तीन वर्षों के लिए निर्धारित है. एक वर्ष के लिए रिजर्व प्राइस 60 लाख रुपये रखी गयी है. टेंडर भरने की अंतिम तिथि 26 मई निर्धारित की है. प्री-बिड मीटिंग 19 मई और टेक्निकल बिड खोलने की तिथि 28 मई तय की है. फाइनेंसियल बिड खुलने पर एजेंसी चयनित होगी.

44.60 करोड़ रुपये खर्च, फिर भी सुविधाएं तालों में कैद

सैंडिस कंपाउंड की सुविधा व्यवस्था पर करीब 44.60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. यह राशि 17 प्रोजेक्ट में से सबसे अधिक है. बावजूद, इसके यहां अव्यवस्था का आलम है. सुविधाएं तालों में कैद है.

बर्बाद सामानों का आकलन करना होगा मुश्किल

सैंडिस कंपाउंड की सुविधाओं पर लगे ताले जब खुलेंगे, तो बर्बाद सामानों को आकलन करना मुश्किल होगा. दरअसल, कई सामान टूट-फुट गया है. चिल्ड्रन पार्क की बात करें, तो बच्चों के खेलने का समान क्षतिग्रस्त हो गया है. लाइटिंग व्यवस्था भी गड़बड़ा गयी है. कई जगहों का लाइट टूट कर गिर गया है. कैफेटेरिया के चारों ओर बांस की बैरिकेडिंग भी टूट गयी है.

इन सुविधाओं पर लटके हैं ताले

कैफेटेरिया, पार्किंग, किड्स पार्क, ओपन एयर थिएटर, नाइट शेल्टर, क्लिवलैंड मेमोरियल पार्क, स्टेशन क्लब में कैफेटेरिया व रेस्टोरेंट व अन्य. इसको लेकर ही टेंडर की प्रक्रिया अपनायी जा रही है, जो अब तक फाइनल नहीं हो सका है.

कब-कब निकला टेंडर

पहला टेंडर : 14 दिसंबर 2024

दूसरा टेंडर: 15 फरवरी 2025

तीसरा टेंडर : सात मई 2025

कोट

सैंडिस कंपाउंड के लिए टेंडर अपरिहार्य करणों से रद्द कर दिया गया है. कुछ कमी रही होगी, इस वजह से रद्द किया गया है. फिर से टेंडर जारी हुआ है. टेंडर का टेक्निकल बिड खुलने की तिथि 28 मई निर्धारित की गयी है.

पंकज कुमार, पीआरओ, स्मार्ट सिटी लिमिटेड, भागलपुर

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ATUL KUMAR

लेखक के बारे में

By ATUL KUMAR

ATUL KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन