Bhagalpur news सरकारी स्कूलों में खेल सामग्री खरीद की राशि जारी

Updated:
विज्ञापन
Bhagalpur news सरकारी स्कूलों में खेल सामग्री खरीद की राशि जारी

सुलतानगंज प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में अब बच्चों को खेलकूद की बेहतर सुविधा मिलने वाली है.

विज्ञापन

सुलतानगंज प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में अब बच्चों को खेलकूद की बेहतर सुविधा मिलने वाली है. समग्र शिक्षा अभियान के तहत सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए सभी प्राथमिक, मध्य और उच्च विद्यालयों को खेल सामग्री खरीदने के लिए राशि उपलब्ध करायी है. इस राशि से विद्यालयों में इंडोर और आउटडोर दोनों प्रकार की खेल सामग्री खरीदी जायेगी, जिससे बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी भाग लेने का अवसर मिलेगा. बीआरसी के लेखापाल पवन कुमार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों को पांच हजार रुपये, मध्य विद्यालयों को 10 हजार रुपये और हाई स्कूलों को 25 हजार रुपये की राशि भेजी गयी है.

प्रखंड के 182 स्कूलों को मिला लाभप्रखंड में कुल 73 प्राथमिक विद्यालय, 84 मध्य विद्यालय और 25 हाई स्कूल हैं. इन सभी 182 विद्यालयों को खेल सामग्री खरीद के लिए राशि जारी कर दी गयी है. विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी विद्यालय 15 मार्च तक आवश्यक खेल सामग्री की खरीदारी सुनिश्चित करें.

जीएसटी बिल के साथ ही होगी खरीदारी

बीआरसी लेखापाल ने बताया कि खेल सामग्री की खरीद के समय जीएसटी युक्त बिल लेना अनिवार्य होगा. यदि बिना जीएसटी बिल के सामग्री खरीदी जाती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक की होगी. यह भी निर्देश दिया गया है कि यह राशि केवल खेल सामग्री पर ही खर्च की जायेगी, इसे किसी अन्य मद में उपयोग नहीं किया जा सकता.

मैदान वाले स्कूलों में ही खरीदी जायेगी आउटडोर सामग्री

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों में खेल का मैदान उपलब्ध नहीं है, वहां आउटडोर खेल सामग्री की खरीद नहीं की जायेगी. ऐसे विद्यालय केवल इंडोर खेल सामग्री ही खरीद सकते हैं. जिन विद्यालयों में मैदान उपलब्ध है, वहां आउटडोर खेल सामग्री की खरीद की जायेगी ताकि छात्र मैदान में खेल का आनंद ले सकें. विभाग का मानना है कि विद्यालयों में खेल सामग्री उपलब्ध होने से बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और उनके शारीरिक तथा मानसिक विकास को बढ़ावा मिलेगा.

बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर

शिक्षा विभाग का उद्देश्य है कि विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिले और छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी रुचि लें. खेल सामग्री उपलब्ध होने से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा.

विज्ञापन
Jitendra Tomar

लेखक के बारे में

By Jitendra Tomar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन