Bhagalpur news नोटिस नहीं मिलने से किसानों ने रुकवाया गंगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना का काम

Updated:
विज्ञापन
Bhagalpur news नोटिस नहीं मिलने से किसानों ने रुकवाया गंगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना का काम

सुलतानगंज से गंगा के अधिशेष जल को लिफ्ट कर बांका और मुंगेर जिले के जलाशयों तक पहुंचाने वाली बहुप्रतीक्षित गंगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के कार्य में मंगलवार को बाधा उत्पन्न हो गयी.

विज्ञापन

सुलतानगंज से गंगा के अधिशेष जल को लिफ्ट कर बांका और मुंगेर जिले के जलाशयों तक पहुंचाने वाली बहुप्रतीक्षित गंगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के कार्य में मंगलवार को बाधा उत्पन्न हो गयी. सुलतानगंज के कमरगंज मौजा में प्रभावित भूस्वामियों को भूमि अधिग्रहण की नोटिस नहीं मिलने से आक्रोशित हो निर्माण कार्य को बंद करा दिया. भूस्वामियों का कहना है कि उनकी जमीन से संबंधित कोई आधिकारिक नोटिस अब तक नहीं मिली है, जबकि निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है. किसानों ने साफ कहा कि जब तक उन्हें नोटिस नहीं दी जायेगी, तब तक निर्माण कार्य नहीं होने दिया जायेगा.

आश्वासन के बाद भी नहीं मिली नोटिस

ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कंपनी ने पहले आश्वासन दिया था कि जिला भू-अर्जन कार्यालय भागलपुर की ओर से मार्च के पहले सप्ताह में सभी प्रभावित किसानों को नोटिस उपलब्ध करा दी जायेगी, लेकिन 10 मार्च तक नोटिस नहीं मिलने पर रैयतों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने काम बंद करा दिया. परियोजना से जुड़े कंपनी के अधिकारियों ने स्वीकार किया कि भूस्वामियों के विरोध से फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले को लेकर जिला भू-अर्जन कार्यालय से संपर्क किया जा रहा है और जल्द ही सभी प्रभावित भूस्वामियों को नोटिस उपलब्ध करा दी जायेगी.

प्रधान सचिव ने दिये थे काम तेज करने के निर्देश

हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में प्रधान सचिव ने कमरगंज के पास इंटेकवेल और बडुआ जलाशय के समीप डिटेक्शन प्वाइंट पर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया था. भूस्वामियों के विरोध से परियोजना की प्रगति पर फिलहाल असर पड़ता दिख रहा है.

1627 करोड़ की है महत्वाकांक्षी योजना

करीब 1627 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के तहत सुलतानगंज से गंगा के अधिशेष जल को लिफ्ट कर बांका जिले के बडुआ जलाशय और मुंगेर जिले के खड़कपुर जलाशय तक पहुंचाया जाएगा. परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

विज्ञापन
Jitendra Tomar

लेखक के बारे में

By Jitendra Tomar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन