bhgalpur news. घर के पास होती थी स्मैकरों की जुटानी, विरोध करने पर रौशन की चली गयी जान

स्मैकरों द्वारा मारपीट के बाद इलाज के क्रम में नाथनगर के मथुरापुर निवासी जामुन मंडल के पुत्र रौशन कुमार की मौत हो गयी थी.
स्मैकरों द्वारा मारपीट के बाद इलाज के क्रम में नाथनगर के मथुरापुर निवासी जामुन मंडल के पुत्र रौशन कुमार की मौत हो गयी थी. मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित बिहपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर पंचायत का मुखिया पुत्र किसलय कुमार है. मालूम हो कि रौशन कुमार (18) की इलाज के क्रम में गुरुवार देर शाम मृत्यु हो गयी. 23 मार्च को स्मैकरों द्वारा घटना को अंजाम देने के बाद गंभीर अवस्था में रौशन कुमार जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया था. शुक्रवार को मायागंज स्थित बरारी कैंप थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. घटना के संदर्भ में मृतक के बड़े भाई चंदन कुमार ने बयान दिया है. इसमें मथुरापुर गांव के ही दिनेश मंडल का पुत्र रोहित कुमार, सरयुग मंडल का नाती आशीष कुमार, जैनी मंडल का पुत्र गुलझाड़ी कुमार, बिहपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव के पूर्व मुखिया कैलाश मंडल के पुत्र किसलय कुमार को नामजद किया गया है. जबकि 15 से 16 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गयी है. विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम द्वारा भी घटना की छानबीन करायी गयी है, खून के धब्बे और विभिन्न साक्ष्यों को एकत्रित किया गया है. घर के पास स्मैक न पीने का विरोध करता था रौशन और उसका परिवार रौशन के बड़े भाई चंदन कुमार ने बताया कि उनलोगों का घर गांव की आबादी से दूर बगीचे में है. पिछले कई दिनों से उसके घर के पास कुछ स्मैकर आकर नशा करते थे. 15 दिनों से वे लोग स्मैकरों को कहीं अन्यत्र जाने कहते थे. लेकिन वे लोग मान नहीं रहे थे. मुख्य रूप से आरोपित चार स्मैकर ही वहां जुटते थे. जब स्मैकर मना करने के बावजूद उसके घर पर आते ही रहे, तो उनलोगों ने चारों के घरों पर जा कर शिकायत की. शिकायत खुद रौशन ने ही की थी. शिकायत करने के बाद 23 मार्च को चारो स्मैकर अन्य लोगों के साथ भी उसके घर पहुंचे. चंदन ने बताया कि पहले स्मैकरों ने उसकी मां को मार कर गिरा दिया. फिर चंदन को घर से खींच कर बाहर ला कर पिटाई करने लगे. स्मैकरों ने चंदन के सिर पर प्रहार किया और लगातार पिटाई करने. इसी बीच रौशन कुमार अपने बड़े भाई को बचाने के लिए आया. इसी क्रम में लोहे के रड से रौशन कुमार के सिर के बीच हमला किया गया. रौशन वहीं पर बेहोश हो गया. रौशन के जमीन कर गिरते ही सभी स्मैकर भाग गये. रौशन को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन रौशन को उस दिन के बाद से कभी होश नहीं आया. गुरुवार देर शाम उसे मृत घोषित किया गया. चंदन ने बताया कि जब वे लोग रौशन का इलाज करवा रहे थे तो स्मैकरों ने उनलोगों को धमकी दी कि अगर केस करोगे तो घर के सभी लोगों की हत्या कर देंगे. चंदन ने बताया कि मारपीट के बाद पूरा परिवार दहशत में था. इसलिए पुलिस को किसी प्रकार की सूचना नहीं दी. पिछले वर्ष अप्रैल माह में हुई थी रौशन की शादी परिजनों ने बताया कि रौशन भवन निर्माण कार्य में मजदूर था. वह काफी कर्मठ था. पिछले वर्ष अप्रैल माह में उसकी शादी नवगछिया के साहू परवत्ता स्थित कनकी टोला की रुचि से हुई थी. शादी के बाद उसकी पत्नी इन दिनों गर्भवती है. बगीचे में अपनी जमीन थी, इसलिए वे लोग घर बना कर रह रहे थे. लेकिन स्मैकरों की जुटानी के बाद से ही उनलोगों का जीना मुहाल हो गया था. रौशन अपने पांच भाइयों और दो बहन में चौथे नंबर पर था. घटना के बाद परिजन शोक संतप्त हैं. कोट घटना संज्ञान में आते ही पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. घटना की जांच विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम द्वारा करायी गयी है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपित गिरफ्तार होंगे. राकेश कुमार, सिटी डीएसपी टू, भागलपुर.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




