Bhagalpur news बेमौसम बारिश ने तोड़ी किसानों की कमर, तैयार फसलें बर्बाद

Updated at : 21 Mar 2026 11:42 PM (IST)
विज्ञापन
Bhagalpur news बेमौसम बारिश ने तोड़ी किसानों की कमर, तैयार फसलें बर्बाद

बेमौसम बारिश व तेज हवाओं ने खेतों में लगी तैयार फसलों को बुरी तरह प्रभावित कर दिया.

विज्ञापन

बेमौसम बारिश व तेज हवाओं ने खेतों में लगी तैयार फसलों को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. बारिश का सबसे अधिक असर उन फसलों पर पड़ा, जो कटाई के लिए तैयार थी. मक्के की फसल तेज हवा से खेतों में धराशायी हो गयी, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है. आम के पेड़ों से मंजर झड़ गये हैं. मचान पर चढ़ी हरी सब्जियों की फसलों को नुकसान हुआ है. लौकी, करेला, खीरा जैसी फसलें गिर गयी है. मसूर और अन्य रबी फसलें प्रभावित हुई हैं. खलिहानों में दौनी के लिए रखी सरसों और अन्य रबी फसलें भीग गयी, जिससे गुणवत्ता खराब होने का खतरा मंडरा रहा है. कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी. बिजली विभाग के जेई ने बताया कि पेड़ों को हटा कर आपूर्ति बहाल कर दी गयी है. आंधी-बारिश से कई फूस के घरों को नुकसान पहुंचा है. बेमौसम बारिश ने किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया है.

किसानों की तैयार फसल खेतों में गिरी, नुकसान

कहलगांव बारिश और तेज हवा से दलहन और तिलहन की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की स्थिति खराब हो गयी है. सरसों और अरहर की फसल काटकर खलिहान में रखी गयी थी, जो भीग गयी. अधिकतर किसानों की गेहूं की पकी फसल तैयार होने से पहले ही गिर गयी, जबकि कुछ किसानों की गेहूं की फसल काट कर खेत-खलिहान में रखी थी, जो भीग गयी. इस बार गेहूं की फसल की अच्छी उपज होने की उम्मीद थी, लेकिन अब उत्पादन में भारी गिरावट और दाने काले पड़ने का खतरा बढ़ गया है. तेज हवा और बारिश ने मक्का किसानों की स्थिति सबसे खराब कर दी है.

मौसम की चौतरफा मार से बेबस हुआ किसान

बारिश से खेतों में लगी फसलों के साथ आम के बागानों को काफी क्षति पहुंची है. बाबूपुर, बाखरपुर,चौखंडी, श्रीमतपुर, हुजुरनगर, खवासपुर, एकचारी दियारा, रामनगर, गोविंदपुर,परशुरामपुर, टोपरा क्षेत्र में हजारों एकड़ में लगी मक्के और गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है. दिलीप यादव, कुंदन यादव,भोलन यादव, विको यादव, विश्वनाथ यादव, मिथिलेश कुमार, विजय यादव सहित कई किसानों की मक्के और गेहूं की फसल खराब हो गयी. चौखंडी के अमित सिंह ने बताया कि कई एकड़ में लगी फसल खराब हो चुकी है. आम के किसानों को भी काफी नुकसान हुआ है. हरदेवचक पंचायत के किसान हरेराम यादव और आम व्यापारी अजीत तिवारी ने कहा कि तेज हवाओं ने छोटे-छोटे टिकोलों को गिरा दिया है. ईंट भट्ठा के मालिकों ने नुकसान का आंकलन करना शुरू कर दिये है. बाराहाट फीडर से कई जगहों पर बिजली सप्लाई प्रभावित रही. सुबह में बिजली बहाल कर दी गयी.

किसान व ईंट निर्माता को आर्थिक नुकसान

बारिश ने किसान व ईंट निर्माता दोनों की कमर तोड़ दी. आंधी व बारिश से खेतों में लगी मक्के व गेहूं की फसलों नष्ट हो गयी. मक्का फसल पकने के पहले ही जमीन में पसर गये. घोघा दियारा के किसान किशन मंडल, योगेंद्र मंडल, जयप्रकाश मंडल, विजय मंडल, अमरजीत कुमार, प्रमोद मंडल, सुनील मंडल, हिमेश राज कहते हैं कि मक्का-गेहू की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ. हम किसानों की मेहनत व पूंजी दोनों बेकार हो गयी. ईंट निर्माता अचानक हुई बारिश से परेशान है. कच्ची ईंट नष्ट होने व चिमनी की आग को ऐसे समय में बचाये रखना सबसे बड़ी समस्या है. आग को संरक्षित रखने में प्रति घंटे पर चार गुणा ज्यादा कोयला देनी पड़ रहा है. ईंट भट्ठों लगभग ढाई करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है. ईंट निर्माता मनोज यादव, ब्रजेश मंडल, गौतम सिंह, श्याम यादव, संजय यादव,अजीत कुमार, रजनीकांत कुमार, राकेश चौधरी, हुलो मंडल ने बताया कि प्रत्येक ईंट निर्माण स्थल पर तीन से चार लाख रुपये का कच्चा ईंट पानी में गल कर गये.

गेहूं और मक्का फसल को नुकसान, किसान हताश तेज हवा व बारिश से गेहूं, मक्का और आम की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है. किसान खेत में मक्का और गेहूं फसल को धराशायी देख हताश व निराश हैं. हरपुर गांव के किसान विवेक शर्मा, भूधरनी के विरेन्द्र झा ने बताया कि बारिश से गेहूं व मक्का की फसल खेत में गिरे पड़े हैं. किसानों ने कृषि पदाधिकारी से फसल नुकसान का आकलन करने की मांग की है. बारिश ने किसानों के उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. बीएओ रामयश मंडल ने बताया कि फसल नुकसान का आकलन कराया जायेगा.

गंगा-कोसी दियारा में आंधी-बारिश से मक्का-गेहूं की फसलें बर्बाद

गत शाम अचानक आयी तेज आंधी व झमाझम बारिश ने व्यापक तबाही मचा दी. सबसे ज्यादा असर गंगा और कोसी दियारा क्षेत्र में देखने को मिला. खेतों में लगी मक्का और गेहूं की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई है. तेज हवा से खड़ी फसलें जमीन पर बिछ गयी. शाहपुर गांव के किसान नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि उनके ढाई बीघा में लगी मक्का की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गयी है. डब्लू मंडल (दो बीघा), विपीन यादव, महेशचंद्र मंडल और विजय मंडल की गेहूं व मक्का की फसलों को भी भारी क्षति पहुंची है. आशाटोल के डोमी शर्मा (एक बीघा), भोजूटोल के शंकर शर्मा (चार बीघा) सहित कई किसानों की फसलें पकड़िया और कंकला धार बहियार में गिरकर नष्ट हो गयी. किसान मनीष कुमार के अनुसार रायपुर के लराहा, जदहा, कटाहा और कोसी बांध पार बहियार क्षेत्रों में मक्का की फसल 65 से 70 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त हो चुकी है. किसानों का कहना है कि खाद, बीज और सिंचाई पर हजारों रुपये खर्च करने के बाद जब फसल तैयार होने को होती है, तब इस तरह की प्राकृतिक आपदा उनकी कमर तोड़ देती है.

तेज हवा व मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, फसलों को भारी नुकसान

तेज हवा व मूसलधार बारिश ने गोपालपुर, इस्माईलपुर एवं रंगरा चौक प्रखंड के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. अचानक बदले मौसम के मिजाज ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी, वहीं दूसरी ओर भारी तबाही मचायी है. तेज हवा कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया. बिजली नहीं रहने से लोगों के मोबाइल फोन बंद हो गये, जिससे संचार व्यवस्था प्रभावित हुई. चार्जिंग की समस्या से सड़कों पर ई-रिक्शा (टोटो) का परिचालन काफी कम देखने को मिला. बेमौसम बारिश व आंधी ने आम के पेड़ों पर लगे छोटे-छोटे फल तेज हवा में झड़ गये. मक्का की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गयी है. खेतों में लगी सरसों और गेहूं की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बिजली व्यवस्था को जल्द बहाल करने तथा किसानों को मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें इस संकट से कुछ राहत मिल सके.

आंधी-बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, गेहूं-मकई व बागवानी फसलों को भारी नुकसान

तेज आंधी व लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है.गेहूं की फसल पकने के कगार पर है, वहीं मकई की फसल लगभग तैयार हो चुकी है. ऐसे में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचाया है. तेज हवा और बारिश से खेतों में खड़ी गेहूं और मकई की फसल प्रभावित हुई है. कई जगहों पर मकई के पौधे गिर गये हैं, जिससे किसानों को अधिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है. कहारपुर गांव के किसान सनातन सिंह ने बताया कि इस आंधी-तूफान में मानस सिंह, फस्टम सिंह, नवल यादव, पुलटू शर्मा, बूगा सिंह, बिक्रम सिंह, बुलटी सिंह, रुस्तम सिंह और आशुतोष सहित कई किसानों की फसलें प्रभावित हुई है. आम और लीची के पेड़ों में इस समय बौर और फलियां आ चुकी हैं, लेकिन तेज आंधी के कारण इनके झड़ने की आशंका बढ़ गयी है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है. सोनवर्षा के किसान नवीन कुमार ने बताया कि उनकी मकई की फसल को काफी नुकसान हुआ है.पौधे गिर गए हैं. झंडापुर स्थित आम चाची बगान के मालिक पवन कुमार ने कहा कि मौसम के इस बदलाव से आम के बौर को नुकसान पहुंचना शुरू हो गया है, जो आगे उत्पादन पर असर डाल सकता है. किसानों ने प्रशासन से फसल क्षति का शीघ्र आकलन कर राहत की व्यवस्था करने की मांग की है. समय पर सहायता मिलने से नुकसान की भरपाई में मदद मिल सकती है. बीएओ ने बताया कि गेहूं की फसल को सबसे अधिक नुकसान जल जमाव की स्थिति में होता है, जबकि मकई, आम और लीची की फसलों को तेज आंधी से ज्यादा नुकसान होने की संभावना रहती है. उन्होंने कहा कि वास्तविक क्षति का आकलन बारिश थमने के बाद ही किया जा सकेगा.

बेमौसम बारिश ने उजाड़ी किसानों की उम्मीदें, हजारों एकड़ फसल बर्बाद

नवगछिया प्रखंड के कोसी क्षेत्र अंतर्गत ढोलबज्जा कदवा पंचायत में बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. किसानों की फसल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है. किसान सुरेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने दो एकड़ में मक्का की खेती की थी, जो आंधी और बारिश में पूरी तरह बर्बाद हो गयी. राजेश यादव ने कहा कि उन्होंने ब्याज पर पैसा लेकर खेती की थी, लेकिन फसल नष्ट होने से अब कर्ज चुकाना भी मुश्किल हो गया है. मंटू यादव ने बताया कि उनकी दो एकड़ में लगी कद्दू की फसल पूरी तरह नष्ट हो गयी.रवींद्रनाथ ठाकुर ने भावुक होकर कहा कि वे मक्का बेचकर अपनी बेटी की शादी की योजना बना रहे थे, लेकिन फसल बर्बाद होने से उनकी सारी उम्मीदें टूट गयी. किसानों का कहना है कि कोसी क्षेत्र की अधिकांश पंचायतों में मक्का, गेहूं, आम और केला जैसी फसलें व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं. हजारों एकड़ में लगी फसलें नष्ट हो चुकी हैं, जिससे किसानों के सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है. पीड़ित किसानों ने सरकार से जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है.

विज्ञापन
JITENDRA TOMAR

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन