सुल्तानगंज-कटोरिया रेल योजना का सर्वे काम में आयी तेजी, एक माह में पूरा होने की उम्मीद

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 20 May 2026 11:42 AM

विज्ञापन

Bhagalpur News: भागलपुर, बांका और मुंगेर को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित सुल्तानगंज-कटोरिया रेल योजना एक बार फिर चर्चा में है. एयरपोर्ट के लिए चयनित जमीन रेल परियोजना क्षेत्र में आने के बाद नए सिरे से सर्वे का काम शुरू किया गया है, जिसे अगले एक माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

विज्ञापन

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट : बिहार की महत्वपूर्ण सुल्तानगंज-कटोरिया रेल परियोजना को लेकर एक बार फिर गतिविधियां तेज हो गई हैं. सुल्तानगंज में प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए चिन्हित जमीन का कुछ हिस्सा रेल योजना क्षेत्र में आने के कारण रेलवे विभाग ने इस परियोजना का दोबारा सर्वे शुरू किया है. पिछले माह से शुरू हुआ सर्वे कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और अधिकारियों के अनुसार अगले एक माह में इसे पूरा कर लिया जाएगा.

तैयार किया जायेगा नया स्टीमेट

सर्वे पूरा होने के बाद परियोजना का नया स्टीमेट तैयार किया जाएगा. माना जा रहा है कि बदले हुए भूभाग और नई परिस्थितियों के अनुसार रेल लाइन के रूट और लागत में भी बदलाव संभव है.

74.80 किलोमीटर लंबी है रेल परियोजना

सुल्तानगंज-कटोरिया रेल योजना वर्ष 2007-08 में प्रस्तावित की गई थी. उस समय इस परियोजना की अनुमानित लागत 331 करोड़ रुपये तय की गई थी. योजना के तहत कुल 74.80 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाई जानी थी, जो भागलपुर, मुंगेर और बांका जिले के क्षेत्रों को जोड़ती. हालांकि अब तक केवल बांका से कटोरिया तक ही रेल लाइन बिछाई जा सकी है, जहां ट्रेनों का परिचालन भी हो रहा है. कटोरिया से सुल्तानगंज तक रेल लाइन निर्माण का कार्य अभी तक अधूरा है.

लालू प्रसाद के कार्यकाल में आयी थी योजना

यह रेल परियोजना उस समय लाई गई थी जब लालू प्रसाद यादव देश के रेल मंत्री थे. उस समय इसे धार्मिक और क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना गया था. अब एयरपोर्ट परियोजना के कारण रेल लाइन के कुछ हिस्से की जमीन प्रभावित होने से रेलवे विभाग को फिर से सर्वे करना पड़ रहा है.

कांवरियों और यात्रियों को होगा बड़ा फायदा

सुल्तानगंज से कटोरिया रेलखंड पूरा होने के बाद सबसे अधिक फायदा बाबाधाम जाने वाले कांवरियों को मिलेगा. इस रूट से श्रद्धालु आसानी से सुल्तानगंज पहुंच सकेंगे. अभी रेल लाइन अधूरी रहने के कारण लोगों को सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि परियोजना पूरी होने से क्षेत्र में यातायात, व्यापार और पर्यटन को भी नई रफ्तार मिलेगी.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन