bhagalpur news. सुबह से ही कई जगहों पर एलपीजी सिलिंडर को लेकर लगी रही कतारें, उपभोक्ता परेशान

Updated:
विज्ञापन
bhagalpur news. सुबह से ही कई जगहों पर एलपीजी सिलिंडर को लेकर लगी रही कतारें, उपभोक्ता परेशान

भागलपुर की कई गैस एजेंसी कार्यालय के सामने शुक्रवार को अहले सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें दोपहर बाद तक लगी रही.

विज्ञापन

भागलपुर की कई गैस एजेंसी कार्यालय के सामने शुक्रवार को अहले सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें दोपहर बाद तक लगी रही. चाहे भारत गैस हो, इंडेन हो या एचपी कंपनी कार्यालय व डिलीवरी प्वाइंट हर कतार लगी रही. उपभोक्ताओं में रोष था कि अपना काम छोड़ कर कब तक गैस सिलिंडर के लिए बढ़ती गर्मी में लंबी कतार में खड़े रहेंगे. वहीं जिला प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि सिलिंडर की कमी नहीं है. चिलचिलाती धूप में आकर खुद संबंधित अधिकारी पंक्ति में खड़े रहें, तब पता चलेगा कि क्या परेशानी है उपभोक्ता की. इतना ही नहीं जितना सिलिंडर का स्टॉक है, उसका 50 फीसदी भी वितरण नहीं हो रहा है.

प्रभात खबर की टीम ने शुक्रवार को तीन गैस एजेंसी कार्यालय के सामने उपभोक्ताओं की लंबी कतारों की पड़ताल की. सुबह 11:40 बजे ज्योति विहार सबौर मार्ग स्थित इंडेन कार्यालय पहुुंची. यहां पाया कि कार्यालय से लेकर मुख्य मार्ग तक 100 मीटर तक लंबी कतार उपभोक्ताओं की लगी हुई है. कोई चार दिन से रोजाना सिलिंडर के लिए कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, तो किसी को अलविदा जुमा की नमाज के दिन भी सिलिंडर लेने के लिए आना पड़ा. यहां उपभोक्ताओं में आक्रोश था. इसके बाद बहादुरपुर स्थित भारत गैस कार्यालय के सामने तो 150 मीटर तक खाली सिलिंडर लेकर उपभोक्ता दोपहर के धूप में खड़े रहे. यहां लोगों का कहना था कि जब सिलिंडर की गाड़ी नहीं पहुंच रही है और स्टॉक में सिलिंडर नहीं है, तो डीएम बार-बार क्यों सिलिंडर की कमी नहीं होने की बात कह रहे हैं. यहां इससे उल्टा दिख रहा है. फिर रेडक्रॉस रोड आकाशवाणी कॉलोनी के सामने एचपी प्वाइंट डिलिवरी को लेकर उपभाेक्ताओं की लंबी कतार लगी रही.

एबीवीपी ने की विद्यार्थियों के लिए सिलिंडर उपलब्ध कराने की मांग

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुक्ता सिंह ने जिला प्रशासन से विद्यार्थियों के लिए गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की मांग उठायी. उन्होंने कहा कि तीन दिनों से गैस सिलिंडर छात्र छात्राओं को उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. दूसरी तरफ प्रशासन द्वारा कहा जा रहा है कि भागलपुर में गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है. मुक्ता सिंह ने कहा कि सुंदरवती महिला कॉलेज रोड में छात्राओं की संख्या अधिक है. सभी लॉज में रहती हैं. छोटे सिलिंडर का इस्तेमाल करते हैं. गैस सिलिंडर भरवाने में 200 से 250 रुपया किलोग्राम लगने लगा है. टीएमबीयू में संचालित ओबीसी महिला हॉस्टल में दो दिनों से सिलिंडर उपलब्ध होने के कारण भोजन संकट शुरू हो गया. बिहार सरकार द्वारा संचालित मेस बिल्कुल बंद हो गया. गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और सही कीमत पर विद्यार्थियों को गैस उपलब्ध कराने की मांग की गयी.

भागलपुर में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, घबराकर बुकिंग न करें : डीएम

डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एलपीजी आपूर्ति करने वाली कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ गैस आपूर्ति की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गयी.

घबराहट में बढ़ी बुकिंग, लेकिन स्टॉक पर्याप्त

बैठक में इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधक रमन गौतम ने बताया कि भागलपुर जिले में एलपीजी गैस की कोई किल्लत नहीं है. सामान्यतः एक दिन का बैकलॉग रहता है, लेकिन फिलहाल तीन दिनों का बैकलॉग है. उन्होंने बताया कि औसतन प्रतिदिन लगभग 10 हजार सिलिंडर का स्टॉक रहता है, जबकि इस समय 18 से 20 हजार सिलिंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं. ऐसा प्रतीत होता है कि खाड़ी देशों में उत्पन्न संकट की खबरों के कारण लोग सुरक्षा की भावना से घबराकर गैस की बुकिंग कर रहे हैं. हालांकि जिले में गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है.

घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्यबैठक में एचपीसीएल के वरीय क्षेत्रीय प्रबंधक शाहनवाज अनवर और भारत पेट्रोलियम के क्षेत्रीय प्रबंधक इंद्रनील अग्रवाल ने भी स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि फिलहाल कॉमर्शियल गैस पर ग्राहक सत्यापन की प्रक्रिया के कारण अस्थायी रोक लगायी गयी है. आमतौर पर घरेलू गैस की आपूर्ति की तुलना में कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति केवल 2 से 3 प्रतिशत ही होती है.

सत्यापित संस्थानों को मिल रहा है कॉमर्शियल सिलिंडर

कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि सत्यापित उपभोक्ताओं को कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति जारी है. पुलिस लाइन, एएनएम संस्थान, जीविका समूह और टाटा स्टील जैसे संस्थानों को नियमित रूप से कॉमर्शियल गैस उपलब्ध करायी जा रही है. इसे लेकर किसी प्रकार की गलतफहमी नहीं फैलनी चाहिए.

भीड़ वाले गोदामों पर दंडाधिकारी तैनात होंगेबैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि गैस एजेंसियों से उन गोदामों की सूची प्राप्त की जाये, जहां उपभोक्ताओं की भीड़ अधिक हो रही है. ऐसे स्थानों पर दंडाधिकारी की तैनाती की जायेगी, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था न फैले. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है. घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है और ऑनलाइन बुकिंग भी जारी है.

विज्ञापन
निशिरंजन ठाकुर

लेखक के बारे में

By निशिरंजन ठाकुर

निशिरंजन ठाकुर मुख्यधारा की पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय. साहित्यिक विषयों में भी गहरी रूचि. खबरों में तथ्य के साथ मानवीय संवेदना और भाषा की सादगी को अहम मानते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन