ओमान में मौत के बाद घर पहुंचा शव, परिजनों के चीत्कार से गमगीन हुआ गांव

Updated:
विज्ञापन
ओमान में मौत के बाद घर पहुंचा शव, परिजनों के चीत्कार से गमगीन हुआ गांव

बिहपुर प्रखंड के अरसंडी गांव निवासी 50 वर्षीय रामानंद यादव का शव शनिवार सुबह ओमान से उनके पैतृक गांव पहुंचा. शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया.

विज्ञापन

भागलपुर. बिहपुर प्रखंड के अरसंडी गांव निवासी 50 वर्षीय रामानंद यादव का शव शनिवार सुबह ओमान से उनके पैतृक गांव पहुंचा. शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. पत्नी तिला देवी, पुत्र वरुण, अरुण, करण, विशाल तथा पुत्री स्वीटी का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों के विलाप से आसपास मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं. रामानंद यादव की मौत छह जून को ओमान के मस्कट में हृदयाघात से हो गई थी. उनकी मौत के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती शव को स्वदेश लाने की थी. परिजन लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क में जुटे रहे. आखिरकार भारत सरकार, ओमान स्थित भारतीय दूतावास तथा जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयास से उनका पार्थिव शरीर भारत लाया जा सका. शनिवार को जब शव गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया.

10 वर्षों से ओमान में कर रहे थे प्लंबर का काम

परिजन ललन यादव ने बताया कि रामानंद यादव पिछले दस वर्षों से ओमान के मस्कट में प्लंबर के रूप में कार्यरत थे. घर आने के बाद वे गत वर्ष सितंबर में पुनः मस्कट लौट गए थे. वहीं छह जून को हृदयाघात से उनकी मौत हो गई.

जनप्रतिनिधियों और सरकार के प्रयास से स्वदेश पहुंचा पार्थिव शरीर

ग्रामीण एवं पूर्व उप प्रमुख बबलू मंडल ने बताया कि रामानंद यादव का शव शुक्रवार को लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा था, जहां से शनिवार सुबह उसे अरसंडी गांव लाया गया. उन्होंने बताया कि घटना के बाद मृतक के परिजन काफी परेशान और निराश थे. उनके अनुरोध पर प्रखंड के औलियाबाद निवासी जदयू के प्रदेश सचिव पप्पू सिंह निषाद ने बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी से संपर्क किया.बबलू मंडल ने बताया कि मंत्री मदन सहनी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा से बातचीत की. इसके बाद ओमान में संबंधित अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया गया और भारत सरकार के सहयोग से शव को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी की गयी.शव के गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली. बबलू मंडल समेत मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पप्पू सिंह निषाद, मंत्री मदन सहनी, राज्यसभा सांसद संजय झा, भारत सरकार एवं ओमान स्थित भारतीय दूतावास के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से ही मृतक का शव स्वदेश लाया जा सका, जिससे परिवार को अंतिम दर्शन और सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार का अवसर मिल सका.

विज्ञापन
ब्रजेश नंदन माधुर्य

लेखक के बारे में

By ब्रजेश नंदन माधुर्य

ब्रजेश नंदन माधुर्य प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. स्वच्छता व ई-कॉमर्स में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन