श्रावणी मेला का भव्य उद्घाटन: सीएम सम्राट चौधरी ने श्रद्धालुओं के लिए लॉन्च किया मोबाइल ऐप, की कई बड़ी घोषणाएं

मंच पर सीएम के साथ कई नेता मंत्री मौजूद
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया है. इस ऐप से श्रद्धालु लाइव दर्शन कर सकेंगे. उन्होंने अजगैवीनाथ धाम के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं.
Shravani Mela 2026: श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए "श्रावणी मेला 2026" मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया. कार्यक्रम में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने बताया कि भागलपुर जिला प्रशासन और भागलपुर ट्रिपल आईटी के संयुक्त प्रयास से यह ऐप तैयार किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को मेला संबंधी सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी.
मोबाइल ऐप से मिलेगा लाइव दर्शन का लाभ
डीएम अलंकृता पांडेय ने बताया कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश अजगैवीनाथ धाम नहीं पहुंच पाएंगे, वे मोबाइल ऐप के माध्यम से मंदिर में होने वाली पूजा का लाइव दर्शन कर सकेंगे. समारोह में पर्यटन विभाग की ओर से श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं और सुविधाओं पर आधारित एक विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किया गया.
जनप्रतिनिधियों ने रखीं विकास संबंधी मांगें
सुल्तानगंज विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल ने अपने संबोधन में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, पांच विधानसभा क्षेत्रों में गंगाजल आधारित सिंचाई व्यवस्था तथा क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों के लिए सरकार का आभार जताया. उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा.भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल ने भी समारोह को संबोधित किया. वहीं बांका सांसद गिरधारी प्रसाद यादव ने विधायक की मांगों का समर्थन करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया.
मंत्रियों ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
बिहार सरकार के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर सरकार ने मेले की गरिमा को और बढ़ाया है.राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सुल्तानगंज का नाम बदलकर "अजगैवीनाथ धाम" करने की मांग पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की विशेष प्राथमिकता इस क्षेत्र का समग्र विकास है.
मुख्यमंत्री ने की कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि श्रावणी मेला केवल एक मेला नहीं, बल्कि आस्था का महापर्व है. उन्होंने कहा कि दुनिया के विभिन्न देशों से श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए जल लेकर जाते हैं.मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उत्तरवाहिनी गंगा क्षेत्र को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित किया जायेगा. गंगा किनारे तटबंध, सड़क और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण 31 दिसंबर 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य है. साथ ही अजगैवीनाथ धाम से अगुवानी घाट तक रोपवे का निर्माण कराया जाएगा.उन्होंने कहा कि अजगैवीनाथ धाम को वैश्विक धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके साथ ही अजगैवीनाथ एयरपोर्ट के विकास की दिशा में भी कार्य किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











