विक्रमशिला सेतु के पहले फोरलेन पहुंच पथ की तैयारी तेज, जमीन का होगा सीमांकन
विक्रमशिला सेतु फोरलेन
विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे नए फोरलेन पहुंच पथ के निर्माण में तेजी लाई गई है. परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए जमीन की पहचान और सीमांकन का कार्य शुरू कर दिया गया है.
Vikramshila Setu Four Lane Approach Road: वर्तमान विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे नये सेतु की परियोजना को समय पर पूरा करने के साथ उसके पहुंच पथ के निर्माण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गयी है. योजना के तहत नये समानांतर सेतु का निर्माण पूरा होने से पहले ही फोरलेन पहुंच पथ तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. इसी को देखते हुए राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, भागलपुर ने जमीन की स्थिति स्पष्ट करने की प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है.
परियोजना की महत्ता और संवेदनशीलता को देखते हुए कार्यपालक अभियंता ने जगदीशपुर के अंचलाधिकारी से अविलंब अमीन की प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया है. अमीन के माध्यम से प्रस्तावित फोरलेन के लिए उपलब्ध सरकारी जमीन की पहचान और सीमांकन कराया जायेगा. इसके बाद राइट ऑफ वे यानी आरओडब्ल्यू से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेजी जायेगी.
गोपालपुर से विक्रमशिला सेतु तक होगा सीमांकन
जीरोमाइल नवगछिया से चौधरीडीह पेट्रोल पंप तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क चौड़ीकरण परियोजना को गति देने के लिए यह कवायद की जा रही है. परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर स्वीकृति के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय को भेजी जा चुकी है.
इसी क्रम में राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, भागलपुर के कार्यपालक अभियंता ने जगदीशपुर सीओ को पत्र भेजकर भागलपुर बायपास के गोपालपुर से विक्रमशिला सेतु तक उपलब्ध सरकारी जमीन का सीमांकन कराने को कहा है. विभाग को इस हिस्से की जमीन और आरओडब्ल्यू की स्थिति से संबंधित रिपोर्ट भी चाहिए, ताकि आगे की प्रक्रिया में तेजी लायी जा सके.
रेलवे की जमीन की स्थिति भी होगी स्पष्ट
रिविजनल सर्वे के नक्शे के आधार पर प्रस्तावित एलाइनमेंट में रेलवे की करीब 50 मीटर जमीन उपलब्ध बतायी गयी है. जानकारी के अनुसार इस जमीन को पूर्व में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग द्वारा खरीदा गया था.
हाल में मंत्रालय के अधीक्षण अभियंता और कार्यपालक अभियंता ने प्रस्तावित क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया था. निरीक्षण के बाद बिहार सरकार के स्वामित्व वाली जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए सटीक सीमांकन कराने का निर्देश दिया गया है.
Vikramshila Setu Four Lane Approach Road: नये सेतु के साथ पहुंच पथ पर भी जोर
विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे नये सेतु के कारण भागलपुर और नवगछिया के बीच सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की उम्मीद है. ऐसे में केवल मुख्य पुल का निर्माण ही नहीं, बल्कि उससे जुड़ने वाले फोरलेन पहुंच पथ को समय पर तैयार करना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
जमीन का सीमांकन और आरओडब्ल्यू की रिपोर्ट इस परियोजना की आगे की प्रक्रिया के लिए अहम होगी. प्रशासन और सड़क निर्माण विभाग की ओर से जमीन की स्थिति स्पष्ट होने के बाद फोरलेन पहुंच पथ के निर्माण से जुड़ी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा सकेगा
Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज
Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए