भागलपुर. कहलगांव में बियाडा की जमीन पर स्थापित होगा अदाणी नेत्र चिकित्सालय

Published by : BRAJESH NANDAN MAD Updated At : 04 Jun 2026 11:37 AM

विज्ञापन

कहलगांव में बियाडा की जमीन पर अदाणी नेत्र चिकित्सालय की स्थापना होगी.

विज्ञापन

भागलपुर से संजीव झा की रिपोर्ट

भागलपुर. कहलगांव में बियाडा की जमीन पर अदाणी नेत्र चिकित्सालय की स्थापना होगी. इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में होने जा रही इस महत्वपूर्ण पहल को लेकर अदाणी फाउंडेशन ने पीरपैंती स्थित विद्युत संयंत्र के निकट एक अत्याधुनिक और गैर-लाभकारी नेत्र चिकित्सालय खोलने का प्रस्ताव जिलाधिकारी को सौंपा है. इस परियोजना के लिए फाउंडेशन ने लगभग 25 एकड़ भूमि के आवंटन की मांग की है.

अस्पताल से स्थानीय और पड़ोसी जिलों को मिलेगा लाभ

अदाणी फाउंडेशन का उद्देश्य इस क्षेत्र में व्याप्त उपचार योग्य अंधत्व और दृष्टिहीनता की समस्या का समाधान करना है. प्रस्तावित अस्पताल के माध्यम से स्थानीय आबादी के साथ-साथ पड़ोसी जिलों के लोगों को भी सुलभ, किफायती और उच्च गुणवत्ता वाली नेत्र चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी. अस्पताल में नेत्र रोगों का शीघ्र निदान, शल्य चिकित्सा और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने की योजना है.

प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरूइस प्रस्ताव पर जिला प्रशासन ने गंभीरता से कार्रवाई शुरू कर दी है. फाउंडेशन द्वारा सात मई को आवेदन सौंपे जाने के बाद, संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गयी थी. इसी क्रम में कहलगांव के अंचल अधिकारी ने 22 मई को कहलगांव अनुमंडल पदाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी है. सीओ ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि कहलगांव में बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) द्वारा अधिग्रहित 25 एकड़ भूमि उपलब्ध है. हालांकि, इस भूमि पर नेत्र चिकित्सालय स्थापित करने के लिए बियाडा से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करना अनिवार्य होगा. सीओ की इसी रिपोर्ट के आधार पर कहलगांव एसडीओ ने 25 मई को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अग्रिम कार्रवाई का आग्रह किया है. अब जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा इस पर अंतिम निर्णय लिया जायेगा, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक नयी उम्मीद जगी है.

सारण के मस्तीचक में खुल चुका है अस्पताल

इससे पहले सारण जिले के मस्तीचक गांव में उद्योगपति गौतम अदाणी ने मई में ग्रामीण नेत्र स्वास्थ्य और कौशल विकास से जुड़ी बड़ी स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ किया था. यह पहल अदाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सहयोग से शुरू की गयी. इस परियोजना के जरिए गांव-गांव तक सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.

विज्ञापन
BRAJESH NANDAN MAD

लेखक के बारे में

By BRAJESH NANDAN MAD

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन