चंडीगढ़ में बवाल : प्रदर्शनकारियों पर चला वाटर कैनन, अमृतपाल सिंह की रिहाई की कर रहे मांग

प्रदर्शनकारियों पर चलता वाटर कैनन (फोटो : ANI)
चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर अमृतपाल सिंह की रिहाई की मांग को लेकर निकाले गए मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया. पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर भीड़ को रोका. वहीं, पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्रा की मौत को लेकर छात्रों का विरोध भी जारी है.
Chandigarh Protest : चंडीगढ़ और मोहाली बॉर्डर पर बुधवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब शिरोमणि अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के नेता और कार्यकर्ता खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह और अन्य सिख नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी आवास का घेराव करने निकले.
मार्च की शुरुआत मोहाली के गुरुद्वारा अंब साहिब से हुई, लेकिन चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर भारी पुलिस बल पहले से तैनात था. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई जगह बैरिकेड लगाए गए. जब प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस वाहनों पर भी चढ़ गए और सीमा पर काफी देर तक तनाव बना रहा.
पूरे शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू
प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने यूटी-मोहाली बॉर्डर, सरोवर पथ, सेक्टर 50/51 चौक, गौशाला चौक, सेक्टर 44/45 लाइट प्वाइंट और आईएसबीटी-43 के आसपास कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया. लोगों को इन रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई. सुबह से ही इन इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं.
PU छात्रा की मौत पर भी छात्रों का प्रदर्शन
इसी बीच पंजाब यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में पीएचडी की छात्रा ज्योति की करंट लगने से हुई मौत को लेकर भी छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा. छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कुलपति कार्यालय के बाहर धरना दिया. लगातार दबाव के बाद प्रशासन ने कार्यकारी इंजीनियर और सब-डिवीजनल इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. साथ ही पीड़ित परिवार को 16 लाख रुपये का मुआवजा और छात्रा के भाई को नौकरी देने पर सहमति बनी. इन दोनों प्रदर्शनों के चलते बुधवार को चंडीगढ़ और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और आम लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें : PoK में प्रदर्शन के दौरान हिंसा, सुरक्षा बलों के साथ झड़प में 19 की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










