प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर में स्कूली छात्राओं से छेड़खानी पर हंगामा, आरोपी शिक्षक पुलिस हिरासत में

Updated:
विज्ञापन

पुलिस अभीरक्षा में आरोपित शिक्षक एवं हंगामा करते अभिभावक | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

कटिहार के अमदाबाद में एक प्राथमिक विद्यालय में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब स्कूली छात्राओं ने एक सहायक शिक्षक पर छेड़खानी का आरोप लगाया. मामला सामने आने के बाद उग्र अभिभावकों ने विद्यालय में हंगामा किया. पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है.

विज्ञापन

कटिहार जिले के अमदाबाद नगर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली छात्राओं के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया. घटना से आक्रोशित दर्जनों अभिभावकों और ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया. छात्राओं ने पदस्थापित सहायक शिक्षक सैयद तारिक अनवर पर गलत नीयत से 'बैड टच' करने और विरोध करने पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है.

विज्ञापन

बच्ची ने स्कूल जाने से किया मना तो खुला मामला

घटना का खुलासा तब हुआ जब बुधवार सुबह कई बच्चियों ने स्कूल जाने से साफ मना कर दिया. अभिभावक गणेश यादव, अखिलेश नायक, पूनम झा, प्रियंका देवी, मुनकी देवी आदि ने बताया कि जब बच्चियों से कारण पूछा गया, तो उन्होंने रोते हुए बताया कि विद्यालय के सहायक शिक्षक सैयद तारिक अनवर उनके साथ गलत नीयत से छेड़खानी और बैड टच करते हैं.

छात्राओं ने प्रधानाध्यापक विक्रम कुमार राम और अपने परिजनों से आपबीती सुनाई, जिसके बाद आक्रोशित अभिभावक विद्यालय परिसर में जमा हो गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई व स्थानांतरण की मांग करने लगे.

BDO और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

हंगामे की सूचना मिलते ही मुख्य पार्षद बबलू मंडल, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) रणवीर कुमार तथा अमदाबाद थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची.

अधिकारियों और पुलिस ने उग्र अभिभावकों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. स्थिति को देखते हुए अमदाबाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक सैयद तारिक अनवर को अपनी अभिरक्षा (Custody) में लेकर थाने ले आई.

लिखित आवेदन पर होगी विभागीय व कानूनी कार्रवाई: BDO

मामले के संदर्भ में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी बीईओ रणवीर कुमार ने बताया:

"स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों के माध्यम से छात्राओं से छेड़खानी की शिकायत प्राप्त हुई है. अभिभावकों को लिखित आवेदन देने का निर्देश दिया गया है. आवेदन मिलते ही आरोपी शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ा विभागीय प्रस्ताव भेजने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी."

समाचार लिखे जाने तक अभिभावक अमदाबाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में जुटे हुए थे.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन