bhagalpur news. बंद घर से 50 लाख की ज्वेलरी चोरी करने मामले में ज्वेलरी दुकानदार समेत तीन गिरफ्तार

जनवरी माह में इशाकचक थाना क्षेत्र के श्यामादास लेन, विरन भगत काली मंदिर के पास पवन कुमार और बबली कुमारी के बंद घर से 50 लाख की ज्वेलरी चोरी मामले में पुलिस ने ज्वेलरी शॉप के संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
जनवरी माह में इशाकचक थाना क्षेत्र के श्यामादास लेन, विरन भगत काली मंदिर के पास पवन कुमार और बबली कुमारी के बंद घर से 50 लाख की ज्वेलरी चोरी मामले में पुलिस ने ज्वेलरी शॉप के संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लाखों के जेवरात के साथ डेढ़ लाख रुपये की नकदी की भी बरामदगी की है. गिरफ्तार आरोपितों में इशाकचक बौंसी पुल निवासी नीतीश कुमार, श्याम लाल लेन निवासी संजय कुमार यादव उर्फ कुक्कू, बबरगंज थाना क्षेत्र के मिरजानहाट वारसलीगंज निवासी ज्वेलरी दुकानदार दिनेश प्रसाद साह है. नीतीश कुमार और संजय कुमार यादव उर्फ कुक्कू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर डेढ़ लाख रुपये की नकदी, सोने की एक अंगूठी, छह पीस हनुमानी चकती, 14 पीस नोज पिन, सोने का नथ आठ पीस, कानबाली चार पीस, चांदी का पायल चार पीस, चंदी का मठिया दो पीस, चांदी का सिक्का दो पीस बरामद किया है. जबकि इसी मामले में पुलिस ने नौ जनवरी को एक नाबालिग को उठाया था और नाबालिग से जेवर की खरीदारी करने वाले खरीदार रामजी राम को गिरफ्तार किया था. उस समय एक लॉकेट और एक हार की ही बरामदगी हो सकी थी. अब तक इस कांड में एक नाबालिग को छोड़ कर कुल चार आरोपितों की गिरफ्तारी हो गयी है. पुलिस की कार्रवाई एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देशन में की गयी और छापेमारी अभियान का नेतृत्व सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह, सिटी डीएसपी वन अजय कुमार चौधरी कर रहे थे. टीम में इशाकचक थानाध्यक्ष आलोक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रौशन कुमार, पीटीसी गौतम कुमार, संटू कुमार, संतोष कुमार, मनीष कुमार, विजय कुमार, विश्वनाथ चंद्रवंशी, जितेंद्र कुमार और अन्य पुलिस बल शामिल थे. नीतीश और संजय ने बताया, सोने की कर चुका है बिक्री
जानकारी मिली है कि 10 जनवरी को एक नाबालिग को इस कांड में उठाये जाने और खरीदार की गिरफ्तारी होने के बाद पुलिस को पूछ ताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले थे. उसी आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी. पुलिस ने इस कांड में पहले नीतीश फिर संजय को गिरफ्तार किया गया. दोनों से जब पूछताछ की गयी तो पता चला कि सोने की बिक्री उनलोगों ने कर दी है. पूछताछ में नाम का खुलासा करने के बाद पुलिस ने दिनेश प्रसाद के घर और दुकान पर छापेमारी की तो पुलिस को चोरी की गयी ज्वेलरी बरामद की और मौके से ही दिनेश प्रसाद को गिरफ्तार किया गया. पुलिस की मानें तो उक्त कांड में और भी जेवरों की बरामदगी और अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी होनी है. पुलिस कार्रवाई कर रही है.
एक जनवरी को हुई थी चोरी
बबली कुमारी पूरे परिवार के साथ फरीदाबाद (हरियाणा) गये थे. इसी दौरान एक जनवरी को मोहल्ले के लोगों से सूचना मिली कि उसके घर में चोरी हो गयी है. बबली कुमारी का कहना है चोरों ने आलमीरा को तोड़ कर उसके सारे जेवरातों की चोरी कर ली. सीसीटीवी कैमरे में तीन व्यक्ति दिखा था. एक ने शॉल लपेटा हुआ था तो दो व्यक्ति का चेहरा ढका हुआ था.
नीतीश और संजय का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
नीतीश और संजय का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. नीतीश के विरुद्ध इशाकचक थाने में तीन, मोजाहिदपुर थाने में दो, जोगसर थाने में एक, मधुसूदनपुर थाने में एक, पूर्णिया साइबर थाने में एक, कुल मिला कर आठ मामला दर्ज है. वह वर्ष 2016 से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है और अभी तक रुका नहीं है. दूसरी तरफ संजय ने इस कांड में मुख्य सूत्रधार की भूमिका निभायी थी. घर से आदमी के गायब रहने की सूचना और चोरी में अन्य चोरों को संलिप्त करने में उसकी भूमिका थी. संजय के विरुद्ध इशाकचक थाने में तीन, कोतवाली थाने में चोरी के दो मामले, कुल मिला कर पांच मामले दर्ज हैं. संजय पिछले 15 वर्षों से इस तरह के वारदात को अंजाम देता रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




