bhagalpur news. आठ साल काम कर स्टाफ ने मालिक का जीता विश्वास, फिर 49 लाख रु लेकर हो गया फरार

शहर के एक कपड़ा थोक व्यापारी के साथ उनके ही विश्वासी स्टाफ ने बड़ी धोखाधड़ी की है. आठ वर्षों तक काम कर विश्वास जीतने के बाद आरोपित स्टाफ 49 लाख 84 हजार 24 रुपये गबन कर फरार हो गया.
शहर के एक कपड़ा थोक व्यापारी के साथ उनके ही विश्वासी स्टाफ ने बड़ी धोखाधड़ी की है. आठ वर्षों तक काम कर विश्वास जीतने के बाद आरोपित स्टाफ 49 लाख 84 हजार 24 रुपये गबन कर फरार हो गया. मामले को लेकर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गयी है. जानकारी के अनुसार, अनंत राम लेन दही टोला सुजागंज निवासी कपड़ा व्यवसायी कैलाश प्रसाद संथालिया ने अपने स्टाफ प्रियांशु मिश्रा के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया है. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह वृद्ध होने के कारण पूरी तरह सक्रिय नहीं रह पाते थे. ऐसे में वर्ष 2018 से उनके यहां कार्यरत प्रियांशु मिश्रा को उन्होंने कारोबार की लगभग पूरी जिम्मेदारी सौंप दी थी. बैंकिंग कार्य, लेनदेन और भुगतान की जिम्मेदारी भी वही संभालता था. प्रियांशु ने कभी शिकायत का मौका नहीं दिया. धीरे-धीरे प्रियांशु ने उनका पूरा विश्वास जीत लिया. व्यापारी विभिन्न भुगतान के लिए चेक पर हस्ताक्षर कर उसे बैंक में जमा करने के लिए दे देते थे. आरोप है कि इसी विश्वास का फायदा उठाकर प्रियांशु ने चेक का दुरुपयोग किया और अपने मित्रों व परिचितों हर्ष त्रिपाठी और बिंदेश्वरी यादव के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिये. बिंदेश्वरी यादव के बैंक खाते में करीब 40 लाख रुपये और हर्ष त्रिपाठी के खाते में करीब नौ लाख रुपये हस्तांतरण किये गये हैं. मामले का खुलासा तब हुआ जब वर्ष 2025 के अंत में कई व्यापारियों ने बकाया भुगतान की मांग की. प्रियांशु ने कहा कि रकम भेज दी गयी है. विरोधाभास होने पर कैलाश प्रसाद संथालिया ने अपने बैंक खाते की जांच करायी, जिसमें चेक के जरिए बड़ी राशि निकाले जाने की जानकारी मिली. बताया गया कि इस वर्ष मार्च माह से ही आरोपी प्रियांशु मिश्रा ने दुकान पर आना बंद कर दिया और फरार है. घटना के बाद व्यवसायी वर्ग में भी चिंता का माहौल है. कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है. कोतवाली पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. जबकि विभिन्न बैंक खातों में भेजी गयी रकम की छानबीन शुरू कर दी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










