Bhagalpur news एफओबी पर आज रात गार्डर लॉचिंग

Updated:
विज्ञापन
Bhagalpur news एफओबी पर आज रात गार्डर लॉचिंग

सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की रात तीसरे फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण को लेकर गार्डर लॉचिंग होगा.

विज्ञापन

सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की रात तीसरे फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण को लेकर गार्डर लॉचिंग होगा. पूरे स्टेशन परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया है. रेलवे के इंजीनियरों से लेकर निर्माण एजेंसी तक युद्धस्तर पर तैयारी में जुटी है. गुरुवार को दिनभर रेलवे अधिकारियों, इंजीनियरों और तकनीकी टीमों ने साइट पर कैंप कर तैयारी का जायजा लिया. भारी-भरकम गर्डर को चढ़ाने के लिए करीब ढाई सौ टन क्षमता वाला विशाल क्रेन स्टेशन परिसर में पहुंच चुका है. निर्माण एजेंसी के कर्मी देर शाम तक लाॅचिंग पॉइंट को अंतिम रूप देने में जुटे रहे. रेलवे अधिकारियों के अनुसार आठ और नौ मई की रात इस बड़े तकनीकी कार्य को अंजाम दिया जायेगा. इसके लिए रात 9:50 से 2:20 बजे तक करीब साढ़े चार घंटे का विशेष ट्रैफिक व पावर ब्लॉक लिया गया है. इस दौरान भागलपुर-जमालपुर डीएमयू ट्रेन रद्द रहेगी, जबकि हावड़ा-जयनगर एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस को रीशेड्यूल किया गया है.

22 भारी-भरकम गर्डर से तैयार होगा आधुनिक पुल

निर्माण एजेंसी के अनुसार कुल 22 विशाल गार्डर स्थापित किये जायेगे. टाई-बीम फिक्सिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है और लाॅचिंग के लिए पूरा स्ट्रक्चर तैयार है. गार्डर चढ़ाने के बाद डेक स्लैब, सीढ़ी निर्माण और अन्य संरचनात्मक कार्य तेजी से शुरू होंगे.

श्रावणी मेला से पहले तैयार करने का लक्ष्य

करीब 12 करोड़ रुपये से बन रहा यह एफओबी 12 मीटर चौड़ा होगा, जो स्टेशन पर मौजूद दोनों पुलों से कहीं अधिक विशाल और आधुनिक होगा. रेलवे का लक्ष्य है कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले पुल को चालू कर दिया जाए, ताकि लाखों कांवरियों और यात्रियों को राहत मिल सके. हर साल श्रावणी मेला में सुलतानगंज स्टेशन पर श्रद्धालुओं का भारी दबाव रहता है. नया पुल बनने के बाद प्लेटफॉर्म पर भीड़ प्रबंधन आसान होगा और यात्रियों को पटरी पार करने की जोखिम से मुक्ति मिलेगी.

मेडिकल टीम और सुरक्षा बल रहेंगे तैनात

स्टेशन प्रबंधक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि गर्डर लॉचिंग के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं. मेडिकल टीम को अलर्ट मोड में रखा गया है. रेलवे सुरक्षा बल और रेल पुलिस की विशेष तैनाती की जायेगी. उन्होंने कहा कि पूरी तैयारी कर ली गयी है और लॉचिंग को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने पर विशेष फोकस किया जा रहा है. शुक्रवार की रात होने वाला यह मेगा लॉचिंग ऑपरेशन केवल पुल निर्माण का चरण नहीं, बल्कि सुलतानगंज स्टेशन के आधुनिक स्वरूप की नयी शुरुआत माना जा रहा है. आने वाले दिनों में इसका सीधा लाभ लाखों यात्रियों और कांवरियों को मिलने वाला है.

विज्ञापन
Jitendra Tomar

लेखक के बारे में

By Jitendra Tomar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन