गंगा-कोसी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव, तटबंधों पर बढ़ी निगरानी

Updated:
विज्ञापन

गोपालपुर स्पर संख्या सात के निकट गंगा नदी का फोटो | Prabhat Khabar Network

भागलपुर में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। प्रशासन ने सभी तटबंधों की सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

विज्ञापन

भागलपुर : नवगछिया अनुमंडल में मंगलवार को गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में अलग-अलग स्थानों पर उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया. गंगा नदी के इस्माइलपुर-बिंद टोली और राघोपुर में जलस्तर तेजी से बढ़ा, जबकि कोसी नदी के मदरौनी में वृद्धि और जेबी चोरहर में कमी दर्ज की गयी. जलस्तर में वृद्धि के बावजूद सभी स्थानों पर तटबंध फिलहाल सुरक्षित बताए गये हैं. हालांकि गंगा के कुछ स्थानों पर नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है, जिससे निगरानी बढ़ा दी गयी है.

इस्माइलपुर-बिंद टोली में चेतावनी स्तर के करीब पहुंचा पानी

इस्माइलपुर-बिंद टोली के स्पर संख्या सात पर मंगलवार सुबह छह बजे गंगा का जलस्तर 30.53 मीटर दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में यहां जलस्तर में 22 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. चेतावनी स्तर 30.60 मीटर है. यानी जलस्तर चेतावनी स्तर से महज सात सेंटीमीटर नीचे है. विभाग ने तटबंध को फिलहाल सुरक्षित बताया है, लेकिन नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है.

राघोपुर में 25 सेंटीमीटर की वृद्धि

राघोपुर में गंगा का जलस्तर 31.52 मीटर दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में यहां 25 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. चेतावनी स्तर 32.68 मीटर है. काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध को फिलहाल सुरक्षित बताया गया है. हालांकि नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है.

मदरौनी में बढ़ा कोसी का जलस्तर

मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर 29.95 मीटर दर्ज किया गया. यहां पिछले 24 घंटे में आठ सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. चेतावनी स्तर 30.48 मीटर है. मदरौनी तटबंध को सुरक्षित बताया गया है. यहां नदी का पानी तटबंध के टो को नहीं छू रहा है.

जेबी चोरहर में पांच सेंटीमीटर की कमी

जेबी चोरहर में कोसी नदी का जलस्तर 30.50 मीटर रहा. पिछले 24 घंटे में जलस्तर में पांच सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गयी. चेतावनी स्तर 30.77 मीटर है. बागजान जमींदारी बांध की स्थिति सुरक्षित और नियंत्रण में बतायी गयी है. हालांकि विभिन्न स्थानों पर नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है.

तटवर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ी

चारों स्थलों की स्थिति को देखते हुए विभागीय स्तर पर तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है. खासकर इस्माइलपुर-बिंद टोली और राघोपुर में गंगा के तेजी से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गयी है. फिलहाल सभी तटबंध सुरक्षित हैं, लेकिन जलस्तर में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए अधिकारियों की नजर स्थिति पर बनी हुई है.


विज्ञापन
Vipin Thakur

लेखक के बारे में

By Vipin Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन