Bhagalpur news नप में पांच स्वच्छता साथियों को मिला नियुक्ति पत्र, फॉगिंग शुरू

Updated:
विज्ञापन
Bhagalpur news नप में पांच स्वच्छता साथियों को मिला नियुक्ति पत्र, फॉगिंग शुरू

लतानगंज नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को पांच स्वच्छता साथियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया.

विज्ञापन

सुलतानगंज नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को पांच स्वच्छता साथियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने सभी नव नियुक्त स्वच्छता साथियों को नियुक्ति पत्र देते हुए उन्हें समर्पण भाव से कार्य करने और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया. मुख्य पार्षद ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर सुलतानगंज बनाने के लिए नगर परिषद लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने स्वच्छता साथियों से अपील की कि वह अपने कार्य को गंभीरता से करते हुए शहर में स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं.

उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर परिषद क्षेत्र में बेहतर तैयारी की जा रही है और लोगों से भी शहर को स्वच्छ बनाये रखने में सहयोग करने की अपील की गयी है. मौके पर स्वच्छता पदाधिकारी अमित कुमार भगत उपस्थित थे. इधर मुख्य पार्षद ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए सोमवार से वार्डवार फॉगिंग अभियान शुरू कर दिया गया है. रोस्टर के तहत सभी वार्डों में फॉगिंग करायी जायेगी .

फरार अपराधियों के घर चिपकाया गया इश्तेहार

सुलतानगंज पुलिस ने फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके घरों पर इश्तेहार चिपकाया. यह कार्रवाई प्रशिक्षु आइपीएस सह एएसपी सयाम रजा और इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार की उपस्थिति में की गयी. पुलिस ने अबजूगंज के इंद्रजीत कुमार चौधरी तथा नवादा के रंजीत रंजन उर्फ जगरा के घर पर इश्तेहार चिपकाया गया. दोनों आरोपित लंबे समय से फरार बताये जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर फरार आरोपितों के घर इश्तेहार चिपकाया गया है.

पैक्स निर्वाचन कर्मियों का प्रशिक्षण

कहलगांव प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ट्रायसेम भवन सभागार में पैक्स निर्वाचन कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. दो-पाली के प्रशिक्षण में पेट्रोलिंग सह मजिस्ट्रेट, पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम मतदान पदाधिकारी, द्वितीय मतदान पदाधिकारी और तृतीय मतदान अधिकारी के रूप में नियुक्त कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गयी. 132 में से 127 कर्मियों ने भाग लिया. प्रशिक्षक अलकमा राशिद ने कर्मियों को निर्वाचन संचालन की समस्त प्रक्रियाओं से अवगत कराया और प्रत्येक पद की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया.

विक्रमशिला महोत्सव में दंगल भी शामिल

कहलगांव प्रखंड के अंतिचक में विक्रमशिला महोत्सव को लेकर पंडाल निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. 13 से 15 मार्च तक आयोजित महोत्सव में दंगल कार्यक्रम को भी शामिल किया गया है. मंच निर्माण के लिए फसल की कटाई जोरों पर है. प्रशासन महोत्सव को भव्य बनाने के लिए सक्रिय रूप से लगा है. विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वारों की सजावट की जा रही है और बैनर लगाये जा रहे हैं. प्रशासनिक अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं. उद्घाटन समारोह में भाग लेने के लिए विधायक और गायिका मैथिली ठाकुर ने सहमति प्रदान की है. बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर हेमा सरदेसाई, बिपिन सचदेवा व अनुष्का बनर्जी के आने की चर्चा जोरों पर है. सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार, डॉक्टर प्रवीण कुमार राणा, पवन कुमार भारती, मुखिया ललीता देवी, एसआई परमानंद कुमार, वासुदेव रविदास, राहुल कुमार, पप्पू कुमार सहित अन्य कई लोग कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय है.

विज्ञापन
Jitendra Tomar

लेखक के बारे में

By Jitendra Tomar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन