कटरिया नदी में नहाने उतरे पांच दोस्त, 10 मिनट में बदल गया पूरा मंजर, चार बचाये गये, 18 वर्षीय ज्योतिष लापता

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

कटरिया नदी में नहाने उतरे पांच दोस्तों में से एक 18 वर्षीय किशोर लापता हो गया. घटना तब हुई जब दो दोस्त डूब रहे थे और उन्हें बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ. एक युवती की सूझबूझ से चार की जान बचाई जा सकी.

विज्ञापन

Kataria River Acciden : बुधवार की सुबह कटरिया नदी में पांच दोस्त सामान्य तरीके से नहाने उतरे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनट बाद वहां चीख-पुकार मच जायेगी. घोघा थाना क्षेत्र के इदमादपुर फुलकिया के पास नदी में नहाने के दौरान पांच युवक अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गये. चार युवकों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 18 वर्षीय ज्योतिष कुमार तेज बहाव में बहकर लापता हो गया.

घटना के बाद नदी किनारे लोगों की भीड़ जुट गयी. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और ज्योतिष की तलाश शुरू की. देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलता रहा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.

दो दोस्तों को डूबता देख बचाने उतरा ज्योतिष

घटना बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे की बतायी जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांचों दोस्त कटरिया नदी में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान लीरो और प्रिंस गहरे पानी में चले गये और डूबने लगे.

दोनों को डूबता देख ज्योतिष कुमार उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ा. उसने दोनों को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान लीरो और प्रिंस ने ज्योतिष को ही पकड़ लिया. तीनों कुछ समय के लिए पानी में फंस गये.

हालांकि, किसी तरह लीरो और प्रिंस पानी से सुरक्षित बाहर निकल आये. लेकिन ज्योतिष गहरे पानी में फंस गया.

बचाने की कोशिश में दो और दोस्त पानी में उतरे

ज्योतिष को डूबता देख पिंटू कुमार और सिंटू कुमार उसे बचाने के लिए पानी में आगे बढ़े. लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के कारण दोनों भी मुश्किल में पड़ गये.

नदी किनारे मौजूद लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि कुछ ही क्षणों में पांच युवकों को घेर चुके पानी से कैसे बाहर निकाला जाये. तभी वहां मौजूद इदमादपुर फुलकिया निवासी विष्णुदेव मंडल की पुत्री सोनी कुमारी ने सूझबूझ दिखायी.

युवती ने साड़ी को बनाया रस्सी, दो युवकों की बची जान

सोनी कुमारी ने अपनी साड़ी को पानी में रस्सी की तरह फेंका. पिंटू और सिंटू ने साड़ी को पकड़ लिया और किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आये.

लेकिन ज्योतिष साड़ी तक पहुंचने के बाद उसे पकड़ नहीं सका. उसका हाथ साड़ी से छूट गया और वह तेज बहाव के साथ नदी में डूब गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरा घटनाक्रम करीब दस मिनट के भीतर हुआ. देखते ही देखते पांच दोस्तों की जिंदगी खतरे में आ गयी और चार युवक तो बच गये, लेकिन ज्योतिष का अब तक पता नहीं चल सका है.

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और SDRF

घटना की सूचना मिलते ही घोघा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया.

एसडीआरएफ के जवानों ने नदी में तलाशी अभियान शुरू किया. नदी के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन की गयी. देर शाम तक टीम ज्योतिष कुमार की तलाश में जुटी रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका.

तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण रेस्क्यू टीम के सामने भी चुनौती बनी रही.

दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था ज्योतिष

लापता ज्योतिष कुमार इदमादपुर फुलकिया निवासी मंटू मंडल का 18 वर्षीय पुत्र है. वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था.

घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग नदी किनारे पहुंच गये. बेटे के लापता होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार की नजरें लगातार नदी की ओर लगी रहीं और हर किसी को उम्मीद थी कि शायद ज्योतिष कहीं सुरक्षित मिल जाये.

तेज बहाव वाली नदियों में स्नान बन रहा जोखिम

कटरिया नदी की इस घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में नदियों के तेज बहाव और गहरे पानी में स्नान करने के खतरे को सामने ला दिया है. नदी का जलस्तर और बहाव कुछ ही दूरी पर काफी बदल सकता है. ऊपर से शांत दिखने वाला पानी कई जगह अचानक गहरा हो जाता है.

इस घटना में पहले दो युवकों के डूबने के बाद ज्योतिष उन्हें बचाने के लिए पानी में उतरा और फिर खुद तेज बहाव में फंस गया. इसके बाद दो और युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की.

ऐसी स्थिति में प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम के आने तक बिना सुरक्षा उपकरण के पानी में उतरना और लोगों को बचाने की कोशिश करना खुद भी जानलेवा हो सकता है. नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय स्तर पर चेतावनी की जरूरत इस घटना के बाद और महत्वपूर्ण हो गयी है.

Kataria River Acciden : देर शाम तक जारी रही तलाश

पुलिस और एसडीआरएफ की टीम देर शाम तक ज्योतिष की तलाश में जुटी रही. परिवार और ग्रामीण नदी किनारे मौजूद रहे.

चार युवकों के सुरक्षित बाहर निकल आने से जहां राहत की सांस मिली, वहीं ज्योतिष के नहीं मिलने से परिवार की चिंता बनी रही. अब सभी की नजर एसडीआरएफ के अगले सर्च ऑपरेशन और नदी से मिलने वाले सुराग पर टिकी है.

Also Read: Tejashwi Yadav Rajbhawan March LIVE: BJP ऑफिस के बाहर नारेबाजी, तेजस्वी समेत अन्य कार्यकर्ता हिरासत में, पुलिस की बस को रोकने की कोशिश

Also Read: मनोज झा बोले- पैलेट गन, किल वाली लाठी नहीं है तो मजा नहीं आएगा, तेजस्वी के साथ सड़क पर उतरा RJD का हुजूम


विज्ञापन
Rashid Alam

लेखक के बारे में

By Rashid Alam

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन