36 घंटे में खुला तिलकामांझी ज्वेलरी चोरी का राज, कट्टा-कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी
भागलपुर के तिलकामांझी हटिया रोड स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने 36 घंटे में खुलासा कर दिया है. सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से चोरी के चांदी के जेवरात, कट्टा और कारतूस बरामद हुए हैं.
Bhagalpur News: भागलपुर के तिलकामांझी हटिया रोड स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है. 17 अगस्त की रात हुई चोरी के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ायी और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक कट्टा, दो जिंदा कारतूस और चोरी किये गये चांदी के जेवरात बरामद किये गये हैं.
बुधवार को भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इशाकचक झोपड़पट्टी छोटी लाइन निवासी मो अफसर उर्फ प्याऊ और शाहकुंड थाना क्षेत्र के जानीपुर निवासी मो सलमान के रूप में हुई है.
दुकान में चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच
सुरेंद्र वर्मा की ज्वेलरी दुकान में 17 अगस्त को चोरी हुई थी. दुकानदार के अनुसार, चोर दुकान से करीब 12 से 14 लाख रुपये के चांदी के आभूषण ले गये थे.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान के लिए तकनीकी अनुसंधान और डाटाबेस में उपलब्ध तस्वीरों का मिलान किया.
सिटी एसपी अतुलेश झा की निगरानी में एसडीपीओ-1 अजय कुमार चौधरी, डीआईयू टीम और तिलकामांझी थाना पुलिस को मिलाकर विशेष टीम बनायी गयी थी.
CCTV से मिले सुराग, इशाकचक तक पहुंची पुलिस
सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम इशाकचक पहुंची. वहां से मो अफसर उर्फ प्याऊ को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से एक कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए. इसके बाद पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चोरी के चांदी के जेवरात भी बरामद किये गये.
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने शाहकुंड थाना क्षेत्र के जानीपुर निवासी मो सलमान को भी गिरफ्तार कर लिया.
लाखों के चांदी के जेवर बरामद
पुलिस ने दुकान से चोरी हुए कई तरह के चांदी के आभूषण बरामद किये हैं. इनमें 19 पीस चांदी की पायल, 12 ब्रासलेट, सात चेन, एक हार, पांच कंगन, दो मठिया, 12 लॉकेट, पांच ताबीज और 90 बिछिया शामिल हैं.
इसके अलावा 14 अंगूठी, एक चांदी की मछली, छह मोतियों की माला, दो मूर्ति, एक हेयरपिन और दो बाजूबंद भी बरामद किये गये हैं.
पुलिस के अनुसार दुकान में रखे सभी आभूषण चांदी के थे. बरामद सामान की कीमत और दुकानदार के दावे का पुलिस स्तर पर मिलान किया जा रहा है.
प्लाईवुड तोड़कर दुकान में घुसे थे चोर
जांच में पुलिस को दुकान में प्रवेश करने के तरीके की भी जानकारी मिली है. एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के अनुसार, आरोपितों ने दुकान के पीछे का रास्ता इस्तेमाल किया था.
दुकान के पीछे प्लाईवुड लगा हुआ था. चोरों ने प्लाईवुड को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया.
एसएसपी ने व्यवसायियों और आम लोगों से दुकानों और संस्थानों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही नहीं बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि चोर अक्सर किसी दुकान या संस्थान की बनावट में कमजोर जगह तलाशते हैं और उसी रास्ते का इस्तेमाल कर सेंधमारी करते हैं.
2023 में भी इसी दुकान में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, इसी ज्वेलरी दुकान में वर्ष 2023 में भी चोरी हुई थी. उस घटना की जांच में वर्तमान मामले के मुख्य आरोपित मो अफसर के पिता का नाम सामने आया था.
पूर्व की चोरी के मामले में उसे जेल भी भेजा गया था. पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि अफसर का पिता अपाहिज है.
अब पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी में उनके साथ और कौन लोग शामिल थे और बरामद हथियार उनके पास कहां से आये.
पुलिस टीम की कार्रवाई से कारोबारियों को राहत
शहर के व्यस्त इलाके में ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना के बाद कारोबारियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी थी. ऐसे में 36 घंटे के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी पुलिस के लिए अहम कार्रवाई मानी जा रही है.
हालांकि, जांच का अगला महत्वपूर्ण हिस्सा चोरी के पूरे नेटवर्क का पता लगाना है. पुलिस यह भी देख रही है कि आरोपितों ने पहले किसी अन्य दुकान या प्रतिष्ठान को निशाना बनाया था या नहीं.
एसएसपी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
Bhagalpur News: छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में तिलकामांझी थानाध्यक्ष अरुण कुमार, ईशाकचक थानाध्यक्ष आलोक कुमार, पुअनि मो. फिरोज आलम, ब्रजेश कुमार सिंह, प्रिंस कुमार और गौतम कुमार के अलावा सिपाही संतोष पासवान, विक्की कुमारी, महिला सिपाही स्वीटी कुमारी और निधि कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ऋषव मिश्रा कृष्णा
ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








