श्रावणी मेले को लेकर बटेश्वर स्थान पहुंची डीएम-एसएसपी की टीम, घाटों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीएम-एसएसपी व अन्य.
Shravani Mela 2026 : भागलपुर प्रशासन ने श्रावणी मेले 2026 की तैयारियों को तेज कर दिया है. जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहलगांव स्थित बटेश्वर स्थान का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने गंगा घाटों और मेला क्षेत्र की सुरक्षा व सुविधा व्यवस्था का जायजा लिया.
Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से भागलपुर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहलगांव स्थित ऐतिहासिक बटेश्वर स्थान का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मंदिर परिसर, गंगा घाट और मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए.
बटेश्वरनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

निरीक्षण से पहले जिलाधिकारी और एसएसपी ने बटेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर परिवार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की. उन्होंने भगवान भोलेनाथ से जिले में सुख-समृद्धि, शांति और श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा की कामना की. पूजा के बाद अधिकारियों ने पूरे परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
घाटों पर सुरक्षा और सुविधा का लिया जायजा
श्रावणी मेले के दौरान बटेश्वर स्थान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए डीएम और एसएसपी ने गंगा घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी गई.
अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने और लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा.
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की वर्तमान स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया और जहां भी सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, वहां तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान कहलगांव एसडीएम कृष्ण चंद्र गुप्ता, एसडीपीओ दिलीप कुमार, बीडीओ राजीव रंजन, सीओ श्रीनिवासन कुमार, केंद्रीय रेलवे यात्री संघ के अध्यक्ष विष्णु खेतान, अस्पताल प्रभारी डॉ. पवन कुमार गुप्ता, प्रबंधक गोविंद कुमार सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में बेहतर व्यवस्था की उम्मीद जगी है. श्रावणी मेले को लेकर आने वाले दिनों में भी विभिन्न विभागों द्वारा तैयारियों की समीक्षा जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By असद अशरफी
असद अशरफी प्रिंट माध्यम से पिछले 2 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कहलगांव (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. राजनीति, खेल और धर्म-आध्यात्म में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










