सावन की फुहारों से बदला मौसम, काले बादलों और ठंडी हवा ने दी राहत, धान रोपाई ने पकड़ी रफ्तार

Updated:
विज्ञापन
आसमान में काले बादल  | Prabhat Khabar Network

आसमान में काले बादल  | Prabhat Khabar Network

Bhagalpur Weather: भागलपुर में सावन की फुहारों ने मौसम को सुहावना बना दिया है. पिछले कुछ दिनों की बारिश के बाद काले बादल और ठंडी हवाओं ने उमस से राहत दी है. इस अनुकूल मौसम का फायदा उठाते हुए किसान धान की रोपाई में पूरी शिद्दत से जुट गए हैं.

विज्ञापन

Bhagalpur Weather: सावन की शुरुआत के साथ भागलपुर का मौसम पूरी तरह बदल गया है. पिछले दो दिनों की बारिश के बाद शुक्रवार को भले तेज वर्षा नहीं हुई, लेकिन आसमान में छाए काले बादल और चल रही ठंडी हवाओं ने मौसम को पूरी तरह सावनमय बना दिया. मौसम में आए बदलाव का सबसे बड़ा असर खेती पर दिख रहा है, जहां किसान तेजी से धान की रोपाई में जुट गए हैं.

काले बादलों और ठंडी हवा से मौसम हुआ सुहाना

पिछले दिनों हुई अच्छी बारिश के बाद शुक्रवार को भागलपुर में दिनभर आसमान पर बादलों का डेरा रहा. बीच-बीच में चल रही ठंडी हवा से लोगों को उमस से काफी राहत मिली. लगातार तीन दिनों से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है. सावन के आगमन के साथ वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है और शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सावन का रंग साफ दिखाई दे रहा है.

खेतों में तेज हुई धान की रोपाई

बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को मिला है. खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने के बाद किसान धान के बिचड़े की रोपाई में पूरी ताकत से जुट गए हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों अधिकांश किसान सुबह से शाम तक खेतों में ही नजर आ रहे हैं. जून में अपेक्षित बारिश नहीं होने के कारण कई किसानों की खेती प्रभावित हुई थी, लेकिन अब मौसम अनुकूल होने से कृषि कार्य ने गति पकड़ ली है.

कृषि विभाग रख रहा हर दिन नजर

धान रोपाई की प्रगति पर कृषि विभाग भी लगातार निगरानी रख रहा है. जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर प्रसाद प्रतिदिन सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों से धान रोपाई की अद्यतन रिपोर्ट ले रहे हैं. विभाग यह आकलन कर रहा है कि जिले में अब तक कितने क्षेत्र में धान की खेती पूरी हुई है. यह रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भी नियमित रूप से भेजी जा रही है.

मौसम ने बढ़ाई किसानों की उम्मीद

लगातार अनुकूल मौसम से किसानों को बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी है. यदि आने वाले दिनों में भी बारिश और मौसम का यही संतुलन बना रहा तो धान की खेती को और गति मिलेगी. कृषि विशेषज्ञ भी किसानों को मौसम का पूरा लाभ उठाते हुए समय पर रोपाई पूरी करने की सलाह दे रहे हैं, ताकि इस खरीफ सीजन में बेहतर पैदावार सुनिश्चित की जा सके.


विज्ञापन
ललित किशोर मिश्र

लेखक के बारे में

By ललित किशोर मिश्र

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन