कहलगांव में चेहल्लुम को लेकर प्रशासन अलर्ट, बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा जुलूस, डीजे और हथियारों पर रोक

Updated:
विज्ञापन
चेहल्लुम पर डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित, लाइसेंस लेकर ही निकलेंगे अखाड़े | Prabhat Khabar Network

शांति समिति की बैठक में शामिल अधिकारी व अन्य.

Chehallum 2026 : कहलगांव में आगामी चेहल्लुम पर्व को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई. बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

विज्ञापन

Chehallum 2026 : आगामी चेहल्लुम पर्व को लेकर सोमवार को प्रखंड कार्यालय स्थित ट्रायसम भवन में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

बिना लाइसेंस अखाड़ों को नहीं मिलेगी जुलूस की अनुमति

बैठक की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम कृष्ण चन्द्र गुप्ता ने स्पष्ट किया कि चेहल्लुम के दौरान निकलने वाले सभी अखाड़ों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. बिना लाइसेंस किसी भी अखाड़े को जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे.

डीजे और अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

एसडीएम ने कहा कि पर्व के दौरान डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा जुलूस में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि डीजे संचालकों से बंध पत्र भरवाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने पर उपकरण जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की है. एसडीएम ने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. पूरे आयोजन की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.

अपराधिक छवि वाले लोगों पर रहेगी विशेष नजर

एसडीपीओ दिलीप कुमार ने कहा कि धार्मिक स्थलों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. प्रत्येक जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों से बंध पत्र भरवाकर उन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.

भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रणव प्रसाद यादव ने कहा कि चेहल्लुम का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है. उन्होंने लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की.

पर्व के दौरान अधिकारियों की छुट्टियां रहेंगी रद्द

बैठक में जानकारी दी गई कि चेहल्लुम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द रहेंगी. प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है.

बैठक में एसडीपीओ-2 स्नेह सेतू, प्रमुख नूतन देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार, बीडीओ राजीव रंजन, अभिमन्यु कुमार, कन्हैया कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी जुल्फिकार अली प्यामी, पीजीआरओ बयजंती, जिप सदस्य प्रवेज आलम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.


विज्ञापन
असद अशरफी

लेखक के बारे में

By असद अशरफी

असद अशरफी प्रिंट माध्यम से पिछले 2 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कहलगांव (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. राजनीति, खेल और धर्म-आध्यात्म में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन