Bhagalpur News. बदलेगा मौसम का मिजाज, भागलपुर व बांका में बारिश के आसार

भागलपुर का मौसम
बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा विभाग ने आगामी 11 से 15 मार्च तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है. नोडल पदाधिकारी डॉ बीरेंद्र कुमार द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, इस अवधि में दक्षिण बिहार के जिलों में आसमान में हल्के बादल छाये रह सकते हैं और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि, भागलपुर और बांका जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या बूंदाबांदी की संभावना जतायी गयी है.
तापमान और हवा की स्थिति
पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने की संभावना है. आर्द्रता की बात करें तो सुबह के समय यह 65-70 प्रतिशत और दोपहर में 20-25 प्रतिशत रह सकती है. हवा की गति 04-06 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है. अगले दो दिनों तक पूर्वा हवा चलेगी, जिसके बाद पछिया हवा चलने की संभावना है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह 6:40 बजे आर्द्रता 86 प्रतिशत और दोपहर 1:40 बजे 58 प्रतिशत रही. वर्तमान में पछिया हवा 3.1 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही है.किसानों के लिए जरूरी सलाह : गरमा मूंग और उड़द की बुआई शुरू करें
मौसम को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए विशेष परामर्श जारी किया है. गरमा मूंग और उड़द की बुआई के लिए खेत की तैयारी तभी करें जब आसमान साफ हो. बुआई से पहले प्रति हेक्टेयर 20 किग्रा नत्रजन, 45 किग्रा स्फुर, 20 किग्रा पोटाश और 20 किग्रा गंधक का प्रयोग सुनिश्चित करें. डॉ बीरेंद्र कुमार ने किसानों को सलाह दी है कि वे बुआई से पहले केवल प्रमाणित स्रोतों से ही बीज की व्यवस्था करें, ताकि अच्छी पैदावार प्राप्त हो सके. बदल रहे मौसम को ध्यान में रखते हुए फसलों की देखभाल और सिंचाई का प्रबंधन करने की अपील की गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




