बीच गंगा में खराब हुई नाव, 29 यात्री व 16 बाइक फंसे, SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू

Updated:
विज्ञापन
बीच गंगा में खराब हुई नाव, 29 यात्री व 16 बाइक फंसे, SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू

Bhagalpur News:भागलपुर के बरारी घाट से महादेवपुर जा रही नाव बीच गंगा में अचानक खराब हो गई. नाव पर 29 यात्री और 16 बाइक सवार थीं. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बड़ा हादसा टाल दिया.

विज्ञापन

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट : भागलपुर में गुरुवार को गंगा नदी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बरारी घाट से महादेवपुर, नवगछिया के लिए रवाना हुई एक नाव बीच नदी में अचानक खराब हो गई. नाव करीब डेढ़ किलोमीटर आगे बढ़ी थी कि हाईलेवल मोड़ के पास उसका इंजन बंद पड़ गया. नाव के रुकते ही उस पर सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

नाव पर सवार थे कुल 29 यात्री

जानकारी के अनुसार, नाव पर कुल 29 यात्री सवार थे, जिनमें 26 पुरुष, एक महिला और दो छोटे बच्चे शामिल थे. इसके अलावा नाव पर 16 मोटरसाइकिल भी लदी हुई थीं. बीच नदी में नाव बंद होने से यात्रियों में दहशत फैल गई.

SDRF टीम ने तुरंत शुरू किया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम भागलपुर तुरंत सक्रिय हो गई. उसी दौरान गंगा से गुजर रही एक खाली नाव को जवानों ने रुकवाया और खराब नाव को रस्सी से बांधकर टोचन प्रक्रिया शुरू की गई. एसडीआरएफ की दो मोटरबोट भी सुरक्षा के लिए साथ-साथ चल रही हैं ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो. टीम लगातार सभी यात्रियों को सुरक्षित महादेवपुर पहुंचाने में जुटी रही.

समय रहते पहुंच गयी एसडीआरएफ टीम

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, खराब हुई नाव को संतोष मांझी चला रहा था. राहत की बात यह रही कि समय रहते एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना के दौरान कई यात्री भयभीत नजर आए, खासकर बच्चों और बाइक सवार यात्रियों में ज्यादा डर का माहौल था.

बिना रजिस्ट्रेशन चल रही थी नाव

घटना के बाद नाव की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. बताया जा रहा है कि नाव पर किसी प्रकार का रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था. ऐसे में बिना पंजीकरण के नाव संचालन को लेकर प्रशासन गंभीर हो गया है. अब प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि बिना रजिस्ट्रेशन के नाव का परिचालन कैसे किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किस स्तर पर हुई.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन