Bhagalpur news गंगा मरीन ड्राइव पर बड़ा फैसला, नहीं टूटेगा किसी का घर

भागलपुर से मुंगेर तक प्रस्तावित गंगा मरीन ड्राइव के निर्माण को लेकर सुलतानगंज के लिए राहत भरी खबर सामने आयी है.
भागलपुर से मुंगेर तक प्रस्तावित गंगा मरीन ड्राइव के निर्माण को लेकर सुलतानगंज के लिए राहत भरी खबर सामने आयी है. मरीन ड्राइव के स्थल चयन को उत्तर दिशा में 40 मीटर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर सुलतानगंज विधायक प्रो ललित नारायण मंडल मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर औपचारिक आवेदन सौंपा. मुख्यमंत्री से सौहार्दपूर्ण माहौल में गंभीर और सकारात्मक चर्चा हुई, जिसमें जनहित को सर्वोपरि रखते हुए हर संभव समाधान का आश्वासन दिया गया. विधायक ने बताया कि प्रस्तावित स्थल परिवर्तन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मरीन ड्राइव निर्माण के दौरान किसी भी परिवार का आशियाना न उजड़े. इस संबंध में मुख्य सचिव दीपक कुमार एवं पशुपालन विभाग के मुख्य सचिव कपिल जी से भी अलग-अलग स्तर पर बातचीत हुई है. सभी अधिकारियों की ओर से स्पष्ट आश्वासन मिला है कि परियोजना में किसी का घर नहीं टूटेगा और आम लोगों के हितों की पूरी तरह रक्षा की जायेगी.
पक्का सीढ़ी घाट परियोजना के रुके कार्य जल्द होगा शुरू
विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष सुलतानगंज गंगा रीवर फ्रंट की तर्ज पर पक्का सीढ़ी घाट परियोजना के रुके कार्य का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. विधायक ने बताया कि इस पर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने वित्त विभाग के मुख्य सचिव आनंद किशोर से दूरभाष पर बातचीत कर त्वरित समाधान की दिशा में पहल की. विधायक के साथ बैठक का समय भी निर्धारित कराया. जब विधायक की मुलाकात वित्त विभाग के मुख्य सचिव आनंद किशोर से हुई, तो मुख्य सचिव ने चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन से समन्वय कर दिल्ली में होने वाली बैठक में शामिल होने तथा गंगा रीवर फ्रंट परियोजना को आवश्यक स्वीकृति दिलाने के निर्देश दिये. विधायक ने कहा कि गंगा मरीन ड्राइव और रीवर फ्रंट परियोजना सुलतानगंज के समग्र विकास की रीढ़ साबित होंगी. इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे. उन्होंने जानकारी दी कि श्रावणी मेला को देखते हुए रीवर फ्रंट की तर्ज पर पक्की सीढ़ी घाट का निर्माण कार्य मेले से पूर्व तेज गति से शुरू कराया जायेगा, ताकि लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं को गंगा स्नान में सुविधा मिल सके. उन्होंने विश्वास जताया कि एनओसी मिलते ही परियोजनाओं पर काम युद्धस्तर पर शुरू होगा. मुख्यमंत्री स्तर से मिले निर्देशों के बाद प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय हो गयी है और सुलतानगंज को जल्द ही गंगा किनारे एक नया, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप मिलने की उम्मीद प्रबल हो गयी है, जिससे सुलतानगंज के विकास को नयी रफ्तार मिलेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




