भागलपुर-बड़हरवा रेलट्रैक पर बिछेगी तीसरी-चौथी लाइन, 4509 करोड़ के प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 11 Jun 2026 1:09 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Bhagalpur Rail News: भागलपुर और संताल परगना के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी. भागलपुर-बड़हरवा रेलखंड पर तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा है. नेटवर्क प्लानिंग ग्रुप ने परियोजना को मंजूरी दे दी है.

विज्ञापन

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट.

Bhagalpur Rail News: पूर्वी भारत के महत्वपूर्ण रेल मार्गों में शामिल भागलपुर-बड़हरवा रेलखंड के विस्तार की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है. 4509 करोड़ रुपये की लागत वाली तीसरी और चौथी रेल लाइन परियोजना को रेलवे के नेटवर्क प्लानिंग ग्रुप (एनपीजी) ने मंजूरी दे दी है. अब इस महत्वाकांक्षी योजना की फाइल आगे की स्वीकृति के लिए नीति आयोग को भेजी गई है. परियोजना पूरी होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी, परिचालन सुगम होगा और यात्रियों को कम समय में सफर की सुविधा मिलेगी.

रेलवे बोर्ड के बाद अब एनपीजी की भी हरी झंडी

भागलपुर-बड़हरवा तीसरी और चौथी रेल लाइन परियोजना को करीब दो माह पहले रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिली थी. अब नेटवर्क प्लानिंग ग्रुप ने भी इसे स्वीकृति प्रदान कर दी है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार नीति आयोग की मंजूरी के बाद प्रस्ताव वित्त मंत्रालय और केंद्रीय कैबिनेट के पास जाएगा. अंतिम मंजूरी मिलते ही परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा.

129.5 किलोमीटर रेल लाइन पर होगा काम

इस परियोजना के तहत भागलपुर से बड़हरवा के बीच करीब 129.5 किलोमीटर लंबी तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाई जाएगी. इसके लिए वर्ष 2022 से सर्वेक्षण कार्य शुरू किया गया था. रेल मंत्रालय का मानना है कि अतिरिक्त लाइन बिछने से इस व्यस्त रेलखंड की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.

ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी, समय बचेगा

फिलहाल इस रेलखंड पर दोहरी लाइन होने के बावजूद ट्रेनों का दबाव काफी अधिक है. कई बार एक ट्रेन को दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए बीच स्टेशन या लूप लाइन में रोकना पड़ता है. नई लाइन बनने के बाद यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी. भागलपुर से बड़हरवा के बीच यात्रा समय में कमी आएगी और अधिक ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी खुलेगा.

मालदा-किऊल कॉरिडोर को मिलेगा फायदा

वर्तमान में मालदा से भागलपुर होते हुए किऊल तक दोहरी रेल लाइन है. इसी मार्ग पर विक्रमशिला एक्सप्रेस, अगरतला राजधानी, तिनसुकिया एक्सप्रेस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनें संचालित होती हैं. अतिरिक्त लाइन बनने के बाद इन ट्रेनों की परिचालन गति बढ़ेगी और मालगाड़ियों की आवाजाही भी अधिक सुचारु होगी.

हावड़ा रूट पर भी विस्तार की उम्मीद

रेलवे सूत्रों के अनुसार भागलपुर-किऊल और भागलपुर-हावड़ा रेलखंड फिलहाल डबल लाइन पर संचालित हो रहे हैं. यदि यह परियोजना सफल रहती है तो भविष्य में इन रेलखंडों पर भी तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की योजना बनाई जा सकती है.

Also Read: लालू यादव के बर्थडे पर पढ़िए उनके कई मजेदार किस्से, जो आज भी लोगों को गुदगुदाते हैं

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन