भागलपुर में उपद्रवियों पर पुलिस का शिकंजा, 155 संदिग्धों की तस्वीरें जारी, पहचान बताने की अपील

पुलिस द्वारा जारी की गयी तस्वीर. | Prabhat Khabar Network
NEET Protest Bhagalpur : भागलपुर में 25 जुलाई को हुए उपद्रव के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. 155 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें जारी कर आम लोगों से पहचान कराने की अपील की गई है. पुलिस साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी.
NEET Protest Bhagalpur : भागलपुर में 25 जुलाई को तिलकामांझी चौक पर हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसा और उपद्रव के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय ने 155 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें जारी कर आम लोगों से उनकी पहचान कराने में सहयोग मांगा है. पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रदर्शन के दौरान पुलिस, मीडिया और आम लोगों पर हमला
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस बल पर हमला किया. इस दौरान पुलिस के वाहनों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया. पुलिस का यह भी कहना है कि मौके पर मौजूद आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों पर लाठी, डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई.
सीसीटीवी, वीडियो और सोशल मीडिया से जुटाए गए साक्ष्य
घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर उपलब्ध तस्वीरों का विश्लेषण किया. जांच के दौरान 155 संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई, जिनकी तस्वीरें अब सार्वजनिक कर दी गई हैं. पुलिस ने लोगों से इन व्यक्तियों की पहचान बताकर जांच में सहयोग करने की अपील की है.
पहचान बताने वालों की जानकारी रहेगी पूरी तरह गोपनीय
भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तस्वीरों में शामिल किसी भी व्यक्ति की पहचान होने पर संबंधित फोटो के क्रमांक के आधार पर सूचना दी जा सकती है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी भय के प्रशासन की मदद कर सकें.
पांच हेल्पलाइन नंबर जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने पहचान संबंधी सूचना देने के लिए पांच मोबाइल नंबर जारी किए हैं. ये नंबर हैं- 9031828002, 9031828003, 9031828010, 9031828011 और 9031827930. इन नंबरों पर संपर्क कर लोग जानकारी साझा कर सकते हैं. पुलिस ने कहा है कि सभी संदिग्धों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही लोगों से अफवाहों से बचने, शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










