बाबा बिसुराउत सेतु संपर्क पथ पर गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा, सड़क मरम्मत का इंतजार

बाबा बिसुराउत सेतु सम्पर्क पथ बदहाली के शिकार है | Prabhat Khabar Network
Bhagalpur News:नवगछिया की करोड़ों की फोरलेन सड़क अब लोगों के लिए सिरदर्द बन गई है. कदवा गोला टोला के पास बड़े गड्ढों और जलजमाव ने इसे खतरनाक बना दिया है. स्थानीय लोगों की मानें तो हर हफ्ते 2-3 हादसे हो रहे हैं.
Bhagalpur News: नवगछिया में करोड़ों रुपये की लागत से बनी बाबा बिसुराउत सेतु संपर्क फोरलेन सड़क अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. कदवा गोला टोला (पंचगछिया) के पास सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और बारिश के बाद हुए जलजमाव से हर दिन वाहन चालकों की परीक्षा हो रही है. स्थानीय लोगों का दावा है कि इस मार्ग पर लगभग हर सप्ताह दो से तीन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है. लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
गड्ढों और जलजमाव से खतरनाक बना संपर्क पथ
नवगछिया के कदवा गोला टोला (पंचगछिया) के पास बाबा बिसुराउत सेतु संपर्क पथ की हालत काफी खराब हो चुकी है. सड़क पर कई बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाता है.
दिन के मुकाबले रात में यह रास्ता और अधिक खतरनाक हो जाता है. ऐसे में बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों के दुर्घटना का शिकार होने का खतरा बढ़ जाता है.
हर सप्ताह हो रहे सड़क हादसे
स्थानीय निवासी मुन्ना मंडल, योगेश कुमार, राहुल हरिजन, प्रदीप कुमार और मीना देवी का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लगभग हर सप्ताह दो से तीन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं.
इन हादसों में कई लोग घायल होकर अस्पताल पहुंचते हैं, जबकि कुछ लोग मामूली चोट लगने के बाद घर लौट जाते हैं.
बारिश ने बढ़ाई परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार लगातार बारिश के कारण सड़क पर जलजमाव बना रहता है. कीचड़ और धूल की परत से सड़क और अधिक फिसलन भरी हो गई है, जिससे वाहनों का संतुलन बिगड़ना आम बात हो गई है.
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
प्रशासन से लगाई गुहार
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है.
इस मामले को लेकर जदयू नेता प्रशांत कुमार कन्हैया ने भी पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखकर सड़क की बदहाल स्थिति की शिकायत की है.
क्या बोला पथ निर्माण विभाग
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि बाबा बिसुराउत सेतु एवं संपर्क पथ के पांचवें, छठे और सातवें किलोमीटर का हिस्सा जर्जर हो चुका है.
उन्होंने कहा कि सड़क के संधारण कार्य को ओपीआरएमसी फेज-3 में शामिल किया गया है. सड़क मरम्मत के लिए ओपीआरएमसी फेज-3 (29B) की प्रक्रिया फिलहाल जारी है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा.
Bhagalpur News: स्थानीय लोगों को जल्द समाधान का इंतजार
फिलहाल इस महत्वपूर्ण मार्ग से रोजाना गुजरने वाले हजारों लोगों को बदहाल सड़क के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है. लोगों को उम्मीद है कि विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क की मरम्मत जल्द शुरू होगी और दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार शिक्षक ट्रांसफर पॉलिसी लागू, इस तारीख से शुरू होगा आवेदन, तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
इसे भी पढ़ें: लालू प्रसाद यादव की अचानक बिगड़ी तबीयत, जांच के लिए पटना के IGIMS ले जाया गया, कल जाएंगे दिल्ली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










