bhagalpur news. एयरो क्लब की टीम पहुंची भागलपुर, आज एयरोस्पोर्ट्स की संभावनाओं का होगा आकलन

Updated at : 09 Apr 2026 10:26 PM (IST)
विज्ञापन
bhagalpur news. एयरो क्लब की टीम पहुंची भागलपुर, आज एयरोस्पोर्ट्स की संभावनाओं का होगा आकलन

एयरो क्लब ऑफ इंडिया की एक उच्चस्तरीय विशेषज्ञ टीम बिहार के विभिन्न जिलों के हवाई अड्डों का निरीक्षण कर रही है.

विज्ञापन

एयरो क्लब ऑफ इंडिया की एक उच्चस्तरीय विशेषज्ञ टीम बिहार के विभिन्न जिलों के हवाई अड्डों का निरीक्षण कर रही है. गुरुवार रात यह टीम भागलपुर पहुंच गयी है. शुक्रवार को सर्वे करेगी. सिविल विमानन विभाग के सचिव डॉ निलेश रामचंद्र देवरे के निर्देश के अनुसार यह विशेषज्ञ टीम आयी है. भागलपुर हवाई अड्डे की क्षमताओं और एयरोस्पोर्ट्स की संभावनाओं को टटोलने के लिए यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना गया है. दरअसल, 06 अक्तूबर, 2025 को बिहार सरकार और एयरो क्लब ऑफ इंडिया के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे. इसका मुख्य लक्ष्य राज्य के युवाओं के लिए एविएशन सेक्टर में करियर और साहसिक खेलों के नये अवसर पैदा करना है. इसके तहत स्थानीय स्तर पर युवाओं को पायलट और अन्य तकनीकी प्रशिक्षण दिया जायेगा. पैराग्लाइडिंग, स्काई डाइविंग और हॉट एयर बैलूनिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा. आधुनिक युग की जरूरत को देखते हुए ड्रोन फ्लाइंग की ट्रेनिंग और सर्वेक्षण का काम होगा. यानी समझौते के बाद बिहार में स्काई डाइविंग, पैराग्लाइडिंग और ड्रोन फ्लाइंग जैसी गतिविधियों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया अपनायी जा रही है.

एयरपोर्ट निर्माण को लेकर शिष्टमंडल ने रखी भागलपुर की मांग

भागलपुर हवाई जहाज सेवा संघर्ष समिति के संयोजक कमल जायसवाल और डॉ आनंद मिश्रा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय और बिहार सरकार की संयुक्त टीम से मुलाकात कर एयरपोर्ट निर्माण को लेकर भागलपुर का पक्ष रखा. वार्ता के दौरान शिष्टमंडल ने एयरपोर्ट निर्माण से जुड़े कई सवाल उठाये. इस पर केंद्र और राज्य से आयी टीम के पदाधिकारियों ने बताया कि भागलपुर के समग्र विकास के लिए यह दौरा किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की दिशा में एयरपोर्ट के साथ-साथ एक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की भी योजना है. टीम के प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि भागलपुर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रयास जारी है. जल्द ही एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जायेगा. साथ ही पुराने हवाई अड्डे का भी निरीक्षण किया जायेगा, ताकि वहां से हवाई सेवा शुरू करने की संभावनाओं का आकलन किया जा सके. शिष्टमंडल में डॉ आनंद कुमार मिश्रा, सह संयोजक एवं प्रवक्ता विनय कुमार सिन्हा, विनोद कुमार जायसवाल और इंजीनियर रवि शामिल थे. बैठक के बाद शिष्टमंडल के सदस्यों ने सकारात्मक माहौल का उल्लेख करते हुए उम्मीद जतायी कि भागलपुर में जल्द ही एयरपोर्ट निर्माण का रास्ता साफ होगा.

विज्ञापन
NISHI RANJAN THAKUR

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन