bhagalpur news. जीरोमाइल में वैशाली के एसी टेक्नीशियन ने फांसी लगा कर की आत्महत्या

औद्योगिक थाना क्षेत्र के जीरोमाइल में एक किराये के मकान में वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के उसरौल गांव निवासी एसी टेक्नीशियन मंसूर अंसारी के पुत्र अली आजम (26) ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है.
औद्योगिक थाना क्षेत्र के जीरोमाइल में एक किराये के मकान में वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के उसरौल गांव निवासी एसी टेक्नीशियन मंसूर अंसारी के पुत्र अली आजम (26) ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है. घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस ने मामले की छानबीन की. विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम से साक्ष्यों को एकत्रित कराया. बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया है. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के चचेरे भाई नूर आलम और चचेरा भतीजा भागलपुर पहुंचे थे. दोनों शव लेकर वैशाली के लिए दोपहर बाद रवाना हो गये थे. इधर औद्योगिक थाना पुलिस ने अली आजम की मोबाइल को जब्त कर लिया है. कहा जा रहा है कि उक्त मोबाइल में अली आजम द्वारा पत्नी से किये गये झगड़े की ऑडियो रिकार्डिंग को भी पुलिस ने सुरक्षित कर लिया है. अली आजम ने अपनी पत्नी से झगड़ा क्यों किया. इस बात की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आयी है. मृतक अली आजम के सहयोगियों ने बताया कि वे लोग एक ही कंपनी में काम करते हैं. उन लोगों का स्थायी प्रवास पटना में है. यहां काम किये जाने पर उनलोगों को बुलाया जाता है. वे लोग कंपनी के ही एसी इंजीनियर अनीश के किराये के मकान में रहते हैं. अली आजम के अलावा कुल पांच टेक्नीशियन मो अमीन, मो शमशाद, मो बिलाल, मो इरशाद यहां पर रह रहे थे. अनीश इन दिनों यहां नहीं है. अली आजम पिछले छह दिनों से यहां रह कर काम कर रहा था. ईद से पहले 15 दिनों तक वह यहां काम कर चुका था. सहयोगियों ने बताया कि फ्लैट में तीन कमरे और एक हॉल है. एक कमरे को ऑफिस के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. अली आजम रोजाना खाना खाने के बाद रोज की तरह अपनी पत्नी से बात करने ऑफिस वाले कमरे में चले गये. सहयोगियों ने बताया कि उनलोगों को जानकारी थी कि आजम की शादी महज पांच माह पहले हुई है, इसलिए वे अपनी पत्नी से ही बात करते हैं. वे लोग सो गये थे. 3.30 बजे शमशाद के मोबाइल पर अली आजम की पत्नी का कॉल आया कि आजम गुस्से में है, झागड़ा हुआ है, थोड़ा देखिये. इसके बाद शमशाद और अमीन ने मिल कर आजम के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो कुछ उत्तर नहीं मिला. इसके बाद दोनों ने उसकी पत्नी को बोल दिया कि सोये होंगे, इसलिए नहीं उठा रहे हैं. कुछ देर के बाद आजम की पत्नी ने फिर फोन किया तो अमीन ने छज्जे से लटक कर खिड़की से देखा तो पता चला कि आजम फंदे से झूल रहा है. इसके बाद ड्रिल मशीन से दरवाजे में एक होल बनाया गया और होल के सहारे छिटकिनी खोली गयी तो अली आजम एसी केबल से बने फंदे के सहारे लटक रहे थे. आनन फानन में उसे नीचे उतारा गया लेकिन उसकी मृत्यु हो चुकी थी. फिर सहयोगियों ने डायल 112 नंबर की पुलिस को कॉल किया, जिसके बाद औद्योगिक थाने की पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की. अली आजम ने किया था प्रेम विवाह सहयोगियों ने बताया कि लंबे समय तक कोलकाता में रहने वाली गुड़िया से अली आजम का प्रेस प्रसंग चल रहा था. पांच माह पहले उसने शादी की थी. ईद से पहले 15 दिन भागलपुर में रहने के बाद अली आजम पटना गये थे. फिर वहां से अपने ससुराल कोतकाता गये थे. कोलकाता से छह दिन पहले भागलपुर पहुंचे थे. इधर अली आजम के चचरे भाई कटिहार में रहने वाले मो नूर ने बताया कि अली अपने पांच भाईयों में सबसे छोटा था. वह अक्सर पटना में रहता था और कंपनी द्वारा भेजे जाने पर अलग अलग शहरों में जाता था. औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र की पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




