bhagalpur news. जरा-सी होती चूक, तो चली जाती सैकड़ों लोगों की जान : भीखनपुर गुमटी नंबर 12 पर जाम के कारण रेलवे फाटक बंद नहीं हो सका, ट्रैक पर फंसी रहीं दर्जनों गाड़ियां और दोनों तरफ से पहुंच गयी ट्रेन

Updated at : 26 Mar 2026 11:40 PM (IST)
विज्ञापन
bhagalpur news. जरा-सी होती चूक, तो चली जाती सैकड़ों लोगों की जान : भीखनपुर गुमटी नंबर 12 पर जाम के कारण रेलवे फाटक बंद नहीं हो सका, ट्रैक पर फंसी रहीं दर्जनों गाड़ियां और दोनों तरफ से पहुंच गयी ट्रेन

भीखनपुर गुमटी नंबर 12 स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण वहां भीषण जाम लग गया.

विज्ञापन

भीखनपुर गुमटी नंबर 12 स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण वहां भीषण जाम लग गया. इसमें पुलिस वैन, ट्रैक्टर और दर्जनों बाइकें फंस गयीं. वाहन और लोग जाम में फंसे ही थे और दोनों तरफ के ट्रैक पर ट्रेनों के आने का समय हो गया. रेल फाटक बंद करने की कोशिश की गयी, लेकिन ट्रैक पर वाहनों की लंबी कतार होने के कारण बैरियर नहीं गिर सके. इसी बीच दोनों तरफ से ट्रेनों को लोग आते हुए देख हड़बड़ा गये. एक पुलिस वाहन को हड़बड़ी में पटरी पार कराने की कोशिश की गयी, लेकिन वह ट्रैक पर ही फंस गया. ट्रेनों को आता देख वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गयी और अफरातफरी का माहौल बन गया. गेटमैन की सूझबूझ : लाल झंडी दिखाकर रोकीं ट्रेनें स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे गेटमैन ने तत्काल मोर्चा संभाला. उसने पटरी पर लाल झंडी गाड़ दिया, जिसे देख दोनों तरफ से आ रही ट्रेनों के चालकों ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेनें रोक दीं. अगर समय रहते ट्रेनें नहीं रुकतीं, तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा ट्रेनें रुकने के बाद स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए आगे आये. लोगों ने मिलकर पटरी पर फंसे पुलिस वाहन और अन्य गाड़ियों को धक्का देकर ट्रैक से बाहर निकाला. जब पटरी पूरी तरह खाली हो गयी, तब रेल कर्मियों ने हरी झंडी दिखायी और ट्रेनों को रवाना किया. यात्रियों की छूटी ट्रेन ट्रेनों के अचानक रुकने की वजह से कई यात्री इस ख्याल से कोच से नीचे उतर गये थे कि अभी ट्रेन के खुलने में समय लगेगा. ट्रेन दोबारा शुरू होने पर अफरातफरी के कारण कई यात्री समय पर सवार नहीं हो सके और उनकी ट्रेन छूट गयी और वे ट्रेनों को रोकने के लिए हाथ दिखा कर इशारा करते रहे. घटना एक नजर में कारण : अंडरग्राउंड रोड में जलजमाव के कारण गुमटी नंबर 12 पर बढ़ा दबाव. संकट : जाम में फंसा पुलिस वाहन और दोनों तरफ से आ रही थीं ट्रेनें. बचाव : गेटमैन ने लाल झंडी दिखायी और स्थानीय लोगों ने किया सहयोग. असर : ट्रेनों के परिचालन में देरी और कई यात्रियों की ट्रेन छूटी. रेलवे फाटक पर क्यों बढ़ा दबाव भोलानाथ रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बने अंडरग्राउंड रोड में जलजमाव शहरवासियों के लिए मुसीबत बन गया है. यहां फ्लाइओवर का निर्माण नवंबर, 2023 से हो रहा है. इस कारण रास्ता संकरा हो गया है और जलजमाव व धूल के चलते अधिकतर लोग भीखनपुर गुमटी नंबर 12 होकर गुजरते हैं और गंतव्य तक पहुंचते हैं. इस वजह से गुमटी नंबर 12 स्थित रेलवे फाटक के पास प्राय: हरेक दिन जाम की समस्या बनी रहती है. गुरुवार को रामनवमी को लेकर निकलनेवाली शोभायात्रा के कारण शहर में वाहनों की आवाजाही कुछ चौराहों पर बंद कर दी गयी थी. इस वजह से जो रास्ता खुला था, वहां भीषण जाम की समस्या हुई.

विज्ञापन
NISHI RANJAN THAKUR

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन