bhagalpur news. भागलपुर सहित 15 एयरोड्रमों का होगा असेसमेंट, 15 को पहुंचेगी एएआइ की टीम
Published by : NISHI RANJAN THAKUR Updated At : 11 Apr 2026 10:42 PM
बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने और नॉन-शेड्यूल्ड ऑपरेटर परमिट (एनएसओपी) के तहत विमानों के संचालन के लिए राज्य के 15 अनियंत्रित एयरोड्रमों के आकलन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है.
बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने और नॉन-शेड्यूल्ड ऑपरेटर परमिट (एनएसओपी) के तहत विमानों के संचालन के लिए राज्य के 15 अनियंत्रित एयरोड्रमों के आकलन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआइ) की एक विशेष समिति इन हवाई पट्टियों का स्थल निरीक्षण और तकनीकी अध्ययन करेगी. विमानपत्तन निदेशक ने सरकार को लिखा पत्र पटना एयरपोर्ट के निदेशक चंद्र प्रताप द्विवेदी ने बिहार सरकार के नागरिक विमानन विभाग के सचिव डॉ निलेश रामचंद्र देवरे को पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग की अपेक्षा की है. डीजीसीए के निर्देशों पर होने वाले इस निरीक्षण के लिए जिला प्रशासन से समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है. इस पहल का उद्देश्य इन एयरोड्रमों की वर्तमान स्थिति को परखना और इन्हें छोटे विमानों के संचालन योग्य बनाना है. भागलपुर में 15 से 17 अप्रैल तक होगा सर्वे इसी क्रम में जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम के आगमन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं. एएआई की टीम 15 से 17 अप्रैल तक भागलपुर एयरोड्रम का स्थल निरीक्षण करेगी. इस दौरान हवाई पट्टी की सुरक्षा, तकनीकी संभावनाओं और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जायेगी. प्रशासनिक मुस्तैदी और सुरक्षा के निर्देश जिलाधिकारी ने भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक और नवगछिया पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है कि टीम के भ्रमण के दौरान स्कॉर्ट और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जायें. वहीं, समन्वय के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राकेश कुमार को नोडल अफसर नामित किया गया है. टीम को एयरोड्रम से जुड़ी सभी सूचनाएं और दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अंचलाधिकारियों और थानाध्यक्षों को भी निर्देशित किया गया है. इस कवायद से भागलपुर में विमान सेवाओं के शुरू होने की उम्मीदें एक बार फिर जगी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










