सर्द हवाओं की चपेट में बिहार, और गिरेगा पारा

Updated at : 27 Dec 2019 9:30 AM (IST)
विज्ञापन
सर्द हवाओं की चपेट में बिहार, और गिरेगा पारा

पटना/भागलपुर : पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है. उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में चल रही ठंडी हवाओं का असर बिहार में और तेज हो सकता है. उतर और दक्षिण बिहार में तापमान लगातार गिरने के आसार बने हुए हैं. पिछले 10 दिनों में अधिकतम तापमान में औसतन 6 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान में […]

विज्ञापन

पटना/भागलपुर : पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है. उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में चल रही ठंडी हवाओं का असर बिहार में और तेज हो सकता है. उतर और दक्षिण बिहार में तापमान लगातार गिरने के आसार बने हुए हैं. पिछले 10 दिनों में अधिकतम तापमान में औसतन 6 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान में औसतन 5.25 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आधिकारिक पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे प्रदेश में दिन के तापमान में लगातार कमी आ सकती है. अगले 48 घंटे में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे जाने का पूर्वानुमान है.

साथ ही साल की शुरुआत से ठीक पहले से लेकर जनवरी के पहले सप्ताह तक आंशिक बारिश का पूर्वानुमान है. शीतलहर व कोहरे के कारण जहां अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गयी है, वहीं ट्रेन व विमान सेवा बाधित हो गयी है. गुरुवार को पूर्णिया में दिन का तापमान सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. भागलपुर और पूर्णिया में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी.
आइएमडी पटना के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक चली ठंडी हवाओं के चलते गुरुवार को समूचे बिहार में दिन का पारा सामान्य से औसतन सात डिग्री नीचे चला गया है. महज 24 घंटे में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है. प्रदेश भर में दिन का तापमान गिर कर 15-17 डिग्री सेल्सियस के बीच सिमट गया है.
पटना में दिन का तापमान सबसे कम 16 डिग्री सेल्सियस रहा. भागलपुर में 17 और गया में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पूर्णिया में दिन का तापमान सामान्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. पूर्णिया में दिन का तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा. सबोर में न्यूनतम तापमान सुबह 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
सफर पर ब्रेक : एक हफ्ते में 10 उड़ानें रद्द राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेनें भी लेट, बदले मौसम का असर विमान और ट्रेन परिचालन पर भी दिख रहा है. इसकी वजह से पिछले एक सप्ताह में 100 से अधिक विमान देर से उड़े. 10 फ्लाइटें रद्द रहीं, जबकि दो डायवर्ट और एक ग्राउंडेड हुए. हर दिन उड़ान भरने वाली 41 जोड़ी विमानों में लगभग 50% विलंब से चल रही हैं.
विमानों के डायवर्ट और ग्राउंडेड होने का असर यात्रियों पर अधिक दिख रहा है. वहीं, बीते एक हफ्ते में राजधानी व संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों से लेकर अधिकतम ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं.
इस अवधि में राजधानी जहां डेढ़ से आठ घंटे तक लेट रही, वहीं संपूर्ण क्रांति भी घंटे तक लेट हुई. लेटलतीफी की वजह से ट्रेनों की रिशिड्यूलिंग होने से यात्रियों को स्टेशन पर ही रात बितानी पड़ रही है. कुहासे को देखते हुए पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने पहले ही 12 जोड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया था, जबकि 19 जोड़ी ट्रेनों को सप्ताह में एक से तीन दिन तक रद्द रखा गया है.
खतरे में सेहत : अस्पतालों में ब्रेन हैमरेज निमोनिया और दमा के बढ़े मरीज : पटना ठंड बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में मरीजों की संख्या काफी बढ़ी है. पीएमसीएच की इमरजेंसी के प्रभारी डॉ अभिजीत कुमार सिंह कहते हैं कि इमरजेंसी में इन दिनों ठंड लगने से ब्रेन हैमरेज और चेस्ट पेन की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या काफी बढ़ी है.
इन मरीजों में बीपी बढ़ने की भी शिकायत मिल रही है. वहीं, आइजीआइएमएस की इमरजेंसी प्रभारी डॉ रितु कहती हैं कि हमारे यहां ठंड के कारण आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है. सबसे ज्यादा निमोनिया और सांस से जुड़ी बीमारियाें की शिकायत लेकर मरीज आ रहे हैं. ब्रेन हैमरेज के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है.
भागलपुर व पूर्णिया में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति : कोसी-पूर्व बिहार में मौसम का न्यूनतम तापमान लुढ़क जाने के कारण गुरुवार को एक बार फिर ठंड ने लोगों को सताना शुरू कर दिया. पूर्णिया में शिमला और दार्जिलिंग जैसा नजारा दिखने लगा है. मौसम विशेषज्ञों की मानें तो धूप का विकीरण नहीं होने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गयी है.
गुरुवार को हालांकि सूर्य ग्रहण का असर भी था कि धूप दोपहर बाद निकली. भागलपुर के तापमान की बात करें, तो 26 दिसंबर 2013 को न्यूनतम तापमान घटकर 8.6 डिग्री, 2014 में इसी दिन 7.5 डिग्री, 2015 में 5.5 डिग्री, 2016 में 10 डिग्री, 2017 में 7 डिग्री व 2018 में 6 डिग्री सेल्सियस तापमान था. 26 दिसंबर 2019 को न्यूनतम तापमान 7.5 है.
आगामी 48 घंटे में तापमान और घटेगा. नये साल पर बारिश की उम्मीद है. पश्चिमी विक्षोभ और जोर पकड़ेगा. उत्तरी मैदान में चल रही ठंडी हवाएं मौसम को और कठिन बनायेंगी. किसानों को पाला के प्रति सतर्क रहना चाहिए.
-डॉ ए सत्तार , वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पूषा
जिले के 10वीं कक्षा तक के सभी स्कूल 28 तक बंद
भागलपुर. बढ़ते ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए जिले के 10वीं कक्षा तक के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों को 28 दिसंबर तक बंद कर दिया गया है. गुरुवार को डीएम ने इस बाबत निर्देश जारी किया. स्कूल पूर्व शिक्षा के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूल भी 28 दिसंबर तक बंद रहेंगे. डीइओ को निर्देश दिया गया है कि उक्त निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित करायेंगे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन