bhagalpur news. नगर परिषद के 127 योजनाओं को हरी झंडी

Updated at : 29 Mar 2026 12:54 AM (IST)
विज्ञापन
bhagalpur news. नगर परिषद के 127 योजनाओं को हरी झंडी

सुलतानगंज नगर परिषद सभागार में शनिवार को सशक्त स्थायी समिति की अहम बैठक मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू की अध्यक्षता में आयोजित हुई

विज्ञापन

सुलतानगंज नगर परिषद सभागार में शनिवार को सशक्त स्थायी समिति की अहम बैठक मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू की अध्यक्षता में आयोजित हुई. इसमें शहर के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक की शुरुआत गत बैठक की संपुष्टि से हुई, जिसके बाद विकास योजनाओं पर विचार करते हुए कुल 127 योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई और इनके लिए ई-निविदा (एनआईटी) जारी करने की मंजूरी दी गई. हाट सैरात पर रोक, दुकानदारों को राहत

बैठक का सबसे अहम निर्णय हाट सैरात नहीं करने का रहा. मुख्य पार्षद ने बताया कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देशानुसार सैरात के लिए भूमि का स्पष्ट विवरण (मौजा, खाता, खसरा, रकबा, चौहद्दी) आवश्यक है, जो वर्तमान में उपलब्ध नहीं है. इसके अलावा फुटकर दुकानदारों द्वारा सैरातधारकों पर जबरन वसूली और प्रताड़ना के आरोप भी सामने आए थे. इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सैरात पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया. हालांकि उप मुख्य पार्षद नीलम देवी ने इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताई, लेकिन बहुमत से इसे पारित कर दिया गया.

घाट व श्रावणी मेला की जिम्मेदारी नगर परिषद को

बैठक में सुलतानगंज-अगुवानी फेरी घाट, नमामि गंगे घाट, अजगैबीनाथ मंदिर घाट, सीढ़ी घाट पर दुकान व चौकी के सैरात सैरात का जिम्मा नगर परिषद को देने की स्वीकृति दी गई. वहीं कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि सैरात को लेकर डीएम का पत्र मिला है. सैरात नगर निकाय में हस्तांतरण किए जाने को लेकर पत्र जारी किया गया है. साथ ही प्रखंड़ परिसर में आगामी श्रावणी मेला 2026 को लेकर दुकान, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का सैरात भी नगर परिषद द्वारा किए जाने का निर्णय लिया गया. श्रावणी मेला के कार्य को लेकर 30 जून तक ई-निविदा प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

कचरा प्रबंधन में बड़ा बदलाव

कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार ने बताया कि बैठक में एसडबलूएम 2026 बायलॉज को पारित किया गया. इसके तहत अब कचरे को चार श्रेणियों गीला, सूखा, सेनेटरी और स्पेशल केयर वेस्ट में अलग-अलग संग्रहित किया जाएगा. इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है. बारिश के मौसम को देखते हुए 30 जून तक नाला उड़ाही कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.

नई नियुक्ति व अन्य विकास कार्यों को मंजूरी

बैठक में 24 तहसीलदारों की 11 माह के लिए नियुक्ति को मंजूरी दी गई. इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरा, सीमेंटेड बेंच, ट्रैक्टर-ट्रॉली, मैनपावर जैसे कई कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई. पुराने नगर परिषद भवन एवं चूड़ी बाजार के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया भी जारी है. दुकानदारों के लिए नई नियमावली के तहत नया एकरारनामा लागू करने का निर्णय लिया गया है. मुख्य पार्षद ने बताया कि चूड़ी मंडी, पुराना नगर परिषद कार्यालय के दुकानदार के मृत व जीवित की सूची एकरारनामा समेत उपलब्ध करने को लेकर निर्देशित किया गया. बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार, उप मुख्य पार्षद नीलम देवी, सदस्य संजय कुमार चौधरी, नवीन कुमार बन्नी सहित कर्मी उपस्थित थे.

विज्ञापन
ATUL KUMAR

लेखक के बारे में

By ATUL KUMAR

ATUL KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन