Bhagalpur news 12 मीटर चौड़े एफओबी के गार्डर लॉन्चिंग सफल

Published by :JITENDRA TOMAR
Updated at :14 May 2026 1:14 AM
विज्ञापन
Bhagalpur news  12 मीटर चौड़े एफओबी के गार्डर लॉन्चिंग सफल

सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के गार्डर लॉन्चिंग कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है.

विज्ञापन

सुलतानगंज रेल अवसंरचना को मजबूत बनाने तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने अमृत भारत स्टेशन योजना (एबीएसएस) के अंतर्गत सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के गार्डर लॉन्चिंग कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. पीरपैंती स्टेशन के बाद यह दूसरी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जो आधुनिक व विश्वस्तरीय स्टेशन पुनर्विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. यह कार्य मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण/आरएसपी/पूर्व रेलवे विनोद कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में गति शक्ति इकाई मालदा ने कराया. मंडल रेल प्रबंधक मालदा मनीष कुमार गुप्ता के सहयोग तथा मुख्य अभियंता/निर्माण/आरएसपी-III/पूर्व रेलवे राकेश रंजन के नेतृत्व में पूरी परियोजना को अंजाम दिया गया.

आंधी-बारिश में भी नहीं रुका काम

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 08/09 मई की मध्य रात्रि में निर्धारित 4 घंटा 30 मिनट के ट्रैफिक ब्लॉक में यह चुनौतीपूर्ण कार्य किया गया. इस दौरान तेज आंधी, बारिश और खराब मौसम जैसी प्रतिकूल परिस्थितियां सामने आईं, बावजूद इसके रेलवे टीम ने निर्धारित समय सीमा में कार्य को सुरक्षित ढंग से पूरा कर लिया. गार्डर स्थापित करने के बाद तय समय पर ट्रैफिक ब्लॉक समाप्त कर ट्रेन परिचालन को सामान्य कर दिया गया, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई.

22 गार्डरों से तैयार होगा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज

नये फुट ओवर ब्रिज में दो स्पैन बनाये जा रहे हैं, जिसमें कुल 22 गार्डर लगाये जा रहे हैं. प्रत्येक गार्डर की लंबाई लगभग 23 मीटर तथा वजन करीब 8.3 मीट्रिक टन है. गार्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए 250 एमटी क्षमता वाले भारी रोड क्रेन का उपयोग किया गया. तकनीकी रूप से जटिल माने जाने वाले इस कार्य की सफलता को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों में बड़ी उपलब्धि है. इस अभियान में इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल व दूरसंचार, विद्युत तथा अन्य विभागों ने संयुक्त रूप से कार्य किया. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सूक्ष्म योजना, टीमवर्क और सुरक्षा मानकों से ही इतने बड़े कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सका.

यात्रियों को मिलेगी राहत

नया फुट ओवर ब्रिज बनने के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म के बीच सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी. भीड़भाड़ कम होगी और श्रावणी मेला समेत सामान्य दिनों में भी लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी.

विज्ञापन
JITENDRA TOMAR

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन