यूरिया की हर बोरी के साथ जबरन दवा? नरकटियागंज की बैठक में लगे गंभीर आरोप, मचा हंगामा

बैठक में बीडीओ व अन्य
नरकटियागंज के प्रखंड कृषि कार्यालय में उर्वरक विक्रेताओं ने यूरिया आपूर्ति व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. डीलरों द्वारा यूरिया के साथ जबरन महंगी दवाएं खरीदवाने का आरोप लगाया गया, जिससे किसानों को ऊंचे दाम पर खाद मिल रही है.
Narkatiaganj Urea News: प्रखंड कृषि कार्यालय में शनिवार को आयोजित उर्वरक निगरानी समिति की बैठक उस समय हंगामेदार हो गई, जब उर्वरक विक्रेताओं ने यूरिया की आपूर्ति व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए. बैठक में यूरिया की कीमत, जबरन दवा खरीदवाने और किसानों तक खाद की उपलब्धता को लेकर तीखी बहस हुई.
बीडीओ ने मामले को गंभीर बताते हुए पूरे प्रकरण की रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजने की बात कही है.
विक्रेताओं ने लगाए ये आरोप
बैठक में मौजूद उर्वरक विक्रेताओं का आरोप था कि उन्हें डीलरों से एक बोरी यूरिया 345 से 350 रुपये तक में दी जा रही है.
उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रत्येक बोरी के साथ 150 से 200 रुपये तक की जिंक, पावर और अन्य दवाएं अनिवार्य रूप से खरीदनी पड़ती हैं. विक्रेताओं का कहना था कि ऐसी स्थिति में सरकार द्वारा निर्धारित खुदरा मूल्य पर किसानों को यूरिया बेचना संभव नहीं हो पा रहा है.
उन्होंने इस व्यवस्था को तत्काल बंद कराने और दोषी डीलरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
जनप्रतिनिधियों ने भी उठाए सवाल
बैठक के दौरान प्रमुख प्रतिनिधि चंदन कुमार साह और बीस सूत्री अध्यक्ष रंजन ओझा ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानदार अपने चहेते लोगों को प्राथमिकता देकर खाद उपलब्ध करा रहे हैं.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर यूरिया ऊंचे दामों पर बेची जा रही है और नरकटियागंज से खाद की तस्करी कर नेपाल भेजे जाने की शिकायतें भी मिल रही हैं. इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बीडीओ ने दिए सख्त निर्देश
हंगामे के बीच बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने कहा कि पूरे मामले से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
उन्होंने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही यूरिया उपलब्ध कराई जाए. यदि अधिक कीमत वसूलने की शिकायत सही पाई गई तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में एसओ संतोष कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष रंजन ओझा, मुखिया संघ के उपाध्यक्ष अभिजीत दुबे, प्रखंड कृषि पदाधिकारी रोहित गौतम, प्रमुख प्रतिनिधि चंदन कुमार साह, मुखिया प्रतिनिधि राजू वर्मा सहित कृषि विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और उर्वरक विक्रेता मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










