26 जुलाई को वाल्मीकिनगर आ सकते हैं सम्राट चौधरी? प्रशासन ने शुरू की जोरदार तैयारियां

Updated:
विज्ञापन
महिला स्वाभिमान बटालियन के उद्घाटन की तैयारियां तेज | Prabhat Khabar Network

महिला स्वाभिमान बटालियन के उद्घाटन की तैयारियां तेज

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के वाल्मीकिनगर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. संभावना है कि 26 जुलाई को वे वाल्मीकिनगर आ सकते हैं. इस बीच, नवनिर्मित महिला स्वाभिमान बटालियन परिसर का अधिकारियों ने निरीक्षण किया.

विज्ञापन

Samrat Choudhary Valmikinagar Visit: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित वाल्मीकिनगर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. हालांकि, मुख्यमंत्री के आगमन का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन 26 जुलाई को संभावित दौरे की चर्चाओं के बीच प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गया है.

शनिवार को जिला और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया.

महिला स्वाभिमान बटालियन परिसर का किया निरीक्षण

शनिवार शाम जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने नवनिर्मित महिला स्वाभिमान बटालियन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान बटालियन भवन, जिम, विद्यालय और अन्य नव-निर्मित सुविधाओं का जायजा लिया गया. संबंधित विभागों को सभी शेष कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए.

इन परियोजनाओं के लोकार्पण की संभावना

प्रशासनिक स्तर पर यह संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री अपने संभावित दौरे के दौरान महिला स्वाभिमान बटालियन परिसर में बने नए भवन, जिम और विद्यालय का लोकार्पण कर सकते हैं.

हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम की अंतिम पुष्टि अभी नहीं हुई है.

डीएम बोले- आधिकारिक कार्यक्रम का इंतजार

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.

उन्होंने बताया कि संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. साथ ही महिला स्वाभिमान बटालियन परिसर में निर्मित कई भवनों का उद्घाटन अभी बाकी है, जिन्हें मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित किए जाने की संभावना है.

एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर भी तैयारी

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए बगहा नगर परिषद ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं.

शनिवार से वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया. इसके तहत घास की कटाई, परिसर की सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया गया. वहीं, संभावित कार्यक्रम स्थल के रूप में हाई स्कूल परिसर का भी लगातार निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन किया जा रहा है.

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

संभावित दौरे को लेकर सुरक्षा, यातायात, आधारभूत सुविधाओं और कार्यक्रम स्थलों की तैयारियों पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है. स्थानीय लोगों में भी मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है.

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नितिन काजले वैभव, बगहा एसपी राजेश कुमार, एसडीएम चांदनी कुमारी, समादेष्टा निर्मला कुमारी, एसडीपीओ निहार भूषण, बीडीओ बिडडू कुमार राम, सीओ मो. वसीम अकरम सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन