मझौलिया थाना पहुंचे एसपी कुमार गौतम, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश

Author Awadh kishore|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन
मझौलिया थाना पहुंचे एसपी कुमार गौतम. महोदीपुर चोरी कांड के लिए SIT गठित. जल्द खुलासे का भरोसा

थाने के निरीक्षण के दौरान एसएसपी

पश्चिम चंपारण के एसपी कुमार गौतम ने मझौलिया थाना का अचानक निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित मामलों के निपटारे, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और बेहतर पुलिस व्यवस्था पर जोर दिया. महोदीपुर चोरी कांड के लिए एसआईटी के गठन का भी ऐलान किया गया.

विज्ञापन

Majhaulia News: पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने शनिवार को मझौलिया थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए.

थाना की कार्यप्रणाली का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, अनुसंधान कार्यों और गिरफ्तारी अभियान की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहे.

महोदीपुर चोरी कांड के लिए एसआईटी गठित

एसपी ने हाल ही में महोदीपुर में हुई बड़ी चोरी की घटना की भी समीक्षा की. उन्होंने बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर जल्द मामले का खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया.

फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार के निर्देश

कुमार गौतम ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाए और उनके साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए. उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है.

नियमित गश्त और वाहन जांच पर जोर

एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने, नियमित गश्त, प्रभावी वाहन जांच और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिस जिम्मेदारी से दूसरे जिले की पुलिस आपके परिवार की सुरक्षा करती है, उसी भावना से क्षेत्र की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करें.

निरीक्षण के दौरान सदर एसडीपीओ अजीत कुमार, सदर इंस्पेक्टर मिथलेश कुमार, मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.


विज्ञापन
Awadh Kishore

लेखक के बारे में

By Awadh Kishore

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन