वाल्मीकिनगर के छात्रों ने गौरैया के लिए बनाए घोंसले, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रतीकात्मक AI तस्वीर
वाल्मीकिनगर स्थित बाल विद्या केंद्र मध्य विद्यालय के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते हुए गौरैया एवं अन्य पक्षियों के लिए आकर्षक घोंसलों का निर्माण किया. यह पहल बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करेगी.
Bettiah News: पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते हुए वाल्मीकिनगर स्थित बाल विद्या केंद्र मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गौरैया एवं अन्य पक्षियों के लिए आकर्षक घोंसलों का निर्माण किया. शिक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित इस गतिविधि में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
प्राकृतिक आवास खत्म होने पर जताई चिंता
विद्यालय की प्रधान शिक्षिका सुनीता कुमारी ने बताया कि बढ़ती गर्मी, पेड़ों की कटाई और कंक्रीट के विस्तार के कारण पक्षियों के प्राकृतिक आवास लगातार समाप्त हो रहे हैं. पानी और सुरक्षित ठिकाने के अभाव में हर वर्ष बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हो जाती है. इसी उद्देश्य से विद्यालय में घोंसला निर्माण अभियान चलाया गया.
अनुपयोगी सामग्री से तैयार किए घोंसले
बच्चों ने घास-फूस, नारियल के छिलके, थर्माकोल, कागज और अन्य अनुपयोगी सामग्रियों की मदद से सुंदर और उपयोगी घोंसले तैयार किए. इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए पक्षियों के संरक्षण का संदेश भी दिया.
प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश
प्रधान शिक्षिका ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पक्षियों के लिए सुरक्षित आश्रय और पानी की व्यवस्था करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है. विद्यालय में प्रदर्शित घोंसलों की सभी ने सराहना की. यह पहल बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और जीव-जंतुओं के संरक्षण की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










