नरकटियागंज में डिस्ट्रिक्ट बोर्ड की 78 डिस्मिल जमीन होगी अतिक्रमण मुक्त, पक्के मकान और टेम्पो स्टैंड पर कार्रवाई की तैयारी
पैमाइश के दौरान सहायक अभियंता व अन्य
नरकटियागंज में डिस्ट्रिक्ट बोर्ड की 78 डिस्मिल जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कवायद तेज हो गई है. इस जमीन पर बने पक्के मकान, होटल और टेम्पो स्टैंड को हटाया जाएगा. जल्द ही इस जगह पर नई दुकानों का निर्माण किया जाएगा, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है.
Bettiah News: नरकटियागंज. नगर के मेन रोड स्थित डिस्ट्रिक्ट बोर्ड की 78 डिस्मिल जमीन को अब अतिक्रमण मुक्त कराने की कवायद शुरू हो गयी है. शहीद चौक से चीनी मिल रोड तक फैली इस जमीन पर टेम्पो स्टैंड, पक्के मकान, शौचालय, यात्री पड़ाव, होटल और अन्य निर्माण मौजूद हैं. मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट बोर्ड के सहायक अभियंता मोहन साह के नेतृत्व में टीम ने करीब तीन घंटे तक भूमि की पैमाइश कर अतिक्रमणकारियों को चिन्हित किया.
आपके शहर में
Narkatiaganj News: 78 डिस्मिल जमीन की करायी गयी पैमाइश
डीडीसी के निर्देश पर सहायक अभियंता मोहन साह के नेतृत्व में टीम ने खाता संख्या 266, खेसरा संख्या 312 और 78 डिस्मिल रकबा वाली भूमि की पैमाइश की.
टीम में कनीय अभियंता पिंकू कुमार, अमीन सुजीत कुमार, दीनदयाल प्रसाद, आलोक कुमार और राजेंद्र राउत शामिल रहे. करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान जमीन की स्थिति और उस पर मौजूद अतिक्रमण का जायजा लिया गया.
पक्के मकान, होटल और टेम्पो स्टैंड भी जमीन पर
डिस्ट्रिक्ट बोर्ड की जमीन पर वर्तमान में टेम्पो स्टैंड के अलावा दर्जनभर पक्के मकान, शौचालय, यात्री पड़ाव और शहीद स्मारक के सामने मकान व होटल मौजूद हैं.
अधिकारियों के अनुसार इन सभी अतिक्रमणों को चिन्हित कर लिया गया है. जल्द ही संबंधित लोगों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
नई दुकानें बनाने की तैयारी
सहायक अभियंता मोहन साह ने बताया कि पूरी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा. इसके बाद यहां नई दुकानें बनाए जाने की योजना है.
उन्होंने बताया कि मेन रोड भी डिस्ट्रिक्ट बोर्ड की भूमि का हिस्सा है, जिसे बोर्ड की ओर से सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को हस्तगत कराया गया है.
अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप
डिस्ट्रिक्ट बोर्ड की जमीन खाली कराने की सूचना सामने आने के बाद वहां पक्के मकान और अन्य निर्माण कर कब्जा करने वालों में हड़कंप की स्थिति है.
प्रशासन की ओर से जल्द नोटिस जारी किए जाने की बात कही गयी है. इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ने की संभावना है.
टेम्पो स्टैंड हटने से बढ़ेगी परेशानी
डिस्ट्रिक्ट बोर्ड की जमीन पर वर्षों से टेम्पो स्टैंड भी संचालित हो रहा है. वर्ष 2015 में तत्कालीन आईएएस एसडीएम कौशल कुमार ने इसी भूमि पर टेम्पो स्टैंड के लिए स्वीकृति दी थी.
अब जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू होने से टेम्पो चालकों के सामने भी नए स्थान की समस्या खड़ी हो सकती है.
यह भी पढ़ें: SSB जवानों की कलाई पर बच्चों ने बांधी राखी, पीपराकोठी में रक्षाबंधन पर दिखा भावुक नजारा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए