रेलवे में नौकरी मिली नहीं, 10-10 लाख देकर बन गए फर्जी ट्रैकमैन, ट्रैक पर पहुंचते ही पकड़े गए दो युवक
नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर रेलवे ट्रैक पर घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से फर्जी रेलवे आईकार्ड, हथौड़ा और झंडा बरामद हुआ है. पूछताछ में उन्होंने नौकरी के नाम पर 10-10 लाख रुपये लिए जाने का खुलासा किया है.
Bettiah News: नरकटियागंज. नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड के मुसहरवा हाल्ट के समीप रेलवे ट्रैक पर ट्रैकमैन बनकर घूम रहे दो युवकों को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से फर्जी रेलवे आईकार्ड, हथौड़ा, लाल-हरा झंडा और बांस की पट्टियां बरामद हुई हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों युवक महाराष्ट्र के रहने वाले हैं. पूछताछ में उन्होंने रेलवे में ट्रैकमैन की नौकरी दिलाने के नाम पर 10-10 लाख रुपये लिये जाने की बात बतायी है. मामले में एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया.
आपके शहर में
Narkatiaganj News: ट्रैक पर हथौड़ा और झंडा लेकर घूम रहे थे तीन युवक
आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7:55 बजे पीडब्ल्यूआई बेतिया अवधेश कुमार को की-मैन शिवपूजन साह ने सूचना दी कि मुसहरवा हाल्ट के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति हथौड़ा, फ्लैग और बांस की पट्टियां लेकर रेलवे ट्रैक पर घूम रहे हैं.
सूचना मिलने के बाद सउनि कमलेश सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. करीब 8:40 बजे पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक मौके से फरार हो गया.
फर्जी रेलवे आईकार्ड देखकर पुलिस भी हुई सतर्क
पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने अपना नाम कुणाल आनंद (21) और दिनेश बारकू धनगर (23) बताया. दोनों के पास से मिनिस्ट्री ऑफ रेलवे, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया के आईकार्ड मिले.
सत्यापन के दौरान दोनों आईकार्ड फर्जी और कूटरचित पाए गए. जांच में यह भी सामने आया कि रेलवे में ट्रैकमैन के पद पर ऐसी कोई भर्ती नहीं हुई थी.
10-10 लाख रुपये लेकर नौकरी दिलाने का दावा
पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि समस्तीपुर निवासी शैलेंद्र सिंह ने उन्हें स्पोर्ट्स कोटा से रेलवे में ट्रैकमैन के पद पर भर्ती कराने के नाम पर 10-10 लाख रुपये लिये थे.
दोनों ने बताया कि कथित प्रशिक्षण के बाद उन्हें नरकटियागंज में रेलवे ट्रैक के सर्वे के लिए भेजा गया था. पुलिस अब इस दावे की भी जांच कर रही है कि युवकों से रुपये किसने लिये और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
तीसरा युवक मौके से फरार
मामले में शामिल तीसरे युवक की पहचान आदित्य महादु पाटील के रूप में हुई है. पुलिस के पहुंचने से पहले वह मौके से फरार हो गया.
पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
रेल थाना में मामला दर्ज, जांच शुरू
गिरफ्तार दोनों युवकों के खिलाफ राजकीय रेल थाना नरकटियागंज में कांड संख्या 41/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है.
फर्जी रेलवे पहचान पत्र और ट्रैकमैन के औजारों के साथ युवकों के रेलवे ट्रैक पर पहुंचने को लेकर पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है.
यह भी पढ़ें: बिजली बिल अपडेट कराने के चक्कर में गंवाए 3.95 लाख, साइबर पुलिस ने पूरी रकम वापस कराई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए