समस्तीपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम ने बगहा रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, दिया निर्देश

समस्तीपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति ने डीसीआई आशीष हेसदा समेत अन्य अधिकारियों के साथ बुधवार को बगहा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और यात्रियों की सुविधाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी ली.
बगहा. समस्तीपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति ने डीसीआई आशीष हेसदा समेत अन्य अधिकारियों के साथ बुधवार को बगहा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और यात्रियों की सुविधाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी ली. इस दौरान सीनियर डीसीएम ने कहा कि बगहा रेलवे स्टेशन को पीएम श्री अभियान के तहत अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा. साथ ही बगहा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होगी. इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के संबंध में विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली. जैसे रेलवे स्टेशन पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय, यात्रियों के बैठने के लिए सीट, साफ सफाई सहित स्टेशन पर बन रहे नवनिर्मित भवन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली. वही यात्रा के लिए पहुंची महिला यात्रियों ने स्टेशन परिसर में शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था नहीं होने की शिकायत की. जिस पर सीनियर डीसीएम ने शीघ्र ही उक्त सुविधा रेलवे स्टेशन पर बहाल करने का आश्वासन दिया. वहीं स्टेशन की साफ सफाई पर सीनियर डीसीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन पर 13500 रुपये प्रतिदिन खर्च होने के बाद भी स्टेशन की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है. उन्होंने इस संबंध में सीएचआई से जवाब मांगा. सीनियर डीसीएम ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा उन्होंने टिकट काउंटर सहित प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली एवं इसको लेकर सीएचएआई को कई आवश्यक निर्देश भी दिया. वही उन्होंने रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध कैंटीन में मूल्य तालिका का भी निरीक्षण किया एवं यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण नाश्ता भोजन सामग्री मिले इसको लेकर कैंटीन संचालकों को निर्देशित किया. उन्होंने बताया कि बगहा रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के रूप में शामिल करने को लेकर प्रपोजल तैयार किया गया था. इसी के बाद उन्होंने बुधवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित होने के बाद यहां पर यात्री सुविधाओं में वृद्धि होगी. स्टेशन के बाहर स्टैंड व पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी. साथ ही साथ रेलवे स्टेशन का राजस्व भी बढ़ेगा. इसको लेकर कई बड़ी गाड़ियों का भी ठहरा होगा. मौके पर डीसीआई आशीष हेसदा, टीआई मो. कलीम, आरपीएफ इंस्पेक्टर चंदन कुमार, स्टेशन अधीक्षक संतोष कुमार पांडेय, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंद्रजीत सिंह समेत अन्य मौजूद रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




